गोपत नदी से अवैध रेत परिवहन पर पुलिस का शिकंजा, दबिश पड़ते ही चालक वाहन छोड़कर फरार
सीधी जिले में अवैध रेत उत्खनन और परिवहन के खिलाफ पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। इसी क्रम में कुसमी थाना क्षेत्र अंतर्गत गोयरा तिराहा के पास गोपत नदी से अवैध रेत परिवहन का मामला सामने आया है, जहां पुलिस की दबिश पड़ते ही चालक चालू हालत में वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। घटना मंगलवार की दरम्यानी रात करीब 2 बजे की बताई जा रही है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार थाना कुसमी में अपराध क्रमांक 110/26 दर्ज करते हुए धारा 303(2), 317(5) बीएनएस, 4/21 खान एवं खनिज अधिनियम तथा 77/177 एमवी एक्ट के तहत मामला कायम किया गया है। कार्रवाई के दौरान आरोपी अज्ञात बताया गया है, जिसकी तलाश पुलिस द्वारा की जा रही है।
बताया गया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि गोपत नदी क्षेत्र से अवैध रूप से रेत का परिवहन किया जा रहा है। सूचना के आधार पर थाना प्रभारी अरूणा द्विवेदी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने गोयरा तिराहा के पास घेराबंदी की। जैसे ही पुलिस मौके पर पहुंची, वाहन चालक पुलिस को देखकर घबरा गया और वाहन चालू हालत में छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाते हुए फरार हो गया।
मौके से पुलिस ने पीले रंग का टाटा कंपनी का 612 मॉडल वाहन बरामद किया है, जिस पर कोई नंबर प्लेट नहीं लगी हुई थी। वाहन में अवैध रूप से रेत परिवहन किए जाने की पुष्टि होने पर पुलिस ने उसे जप्त कर लिया है। मामले में वाहन मालिक और चालक की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी अरूणा द्विवेदी, नंद प्रकाश सिंह, दिनकर द्विवेदी एवं शिवराम वैश की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस का कहना है कि अवैध खनिज परिवहन के खिलाफ लगातार अभियान जारी रहेगा और ऐसे मामलों में संलिप्त लोगों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

