होली की खुशियां के बीच मातम, त्योहार मनाने घर लौट रहे भाई बहन को पिकअप ने कुचला
कवर्धा/छत्तीसगढ़ : जिले में तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला है. नेशनल हाइवे 30 रायपुर जबलपुर मार्ग पर बिरकोना के पास एक तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने बाइक सवार भाई बहन को जोरदार टक्कर मार दी. हादसा इतना भीषण था कि बाइक चला रहे युवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उसकी बहन गंभीर रूप से घायल हो गई.
तेज रफ्तार पिकअप ने बाइक ने मारी टक्कर
मृतक की पहचान अमर दीवान के रूप में हुई है, जो रायपुर में पढ़ाई करता था. बताया जा रहा है कि होली का त्योहार मनाने के लिए अमर अपनी बहन के साथ बाइक से रायपुर से अपने गांव बोड़तरा आ रहा था. इसी दौरान बिरकोना के पास तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी. टक्कर के बाद बाइक सवार सड़क पर गिर पड़े और अमर ने मौके पर ही दम तोड़ दिया.
घायल बहन का कवर्धा जिला अस्पताल में इलाज
घटना के बाद राहगीरों ने तत्काल पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी. घायल बहन को गंभीर हालत में जिला अस्पताल कवर्धा में भर्ती कराया गया है, जहां उसका उपचार जारी है. हादसे के बाद पिकअप वाहन चालक मौके से फरार हो गया.
फरार वाहन चालक की तलाश शुरू
सूचना मिलते ही पिपरिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा. पुलिस ने फरार वाहन चालक की तलाश शुरू कर दी है. इस हृदयविदारक हादसे से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.

