---Advertisement---

कांग्रेस कार्यालय के बाहर पथराव, कई लोग हुए घायल, पुलिस ने किया लाठीचार्ज और पानी की बौछारें

अमित श्रीवास्तव

By अमित श्रीवास्तव

Published on:

---Advertisement---

इंदौर में कांग्रेस कार्यालय के बाहर पथराव, कई लोग हुए घायल, पुलिस ने किया लाठीचार्ज और पानी की बौछारें

इंदौर में उस समय तनाव की स्थिति बन गई जब कांग्रेस कार्यालय गांधी भवन के बाहर भाजपा और कांग्रेस कार्यकर्ता आमने-सामने आ गए। देखते ही देखते नारेबाजी और धक्का-मुक्की पथराव में बदल गई। इस घटना में पुलिसकर्मियों और पत्रकारों सहित दोनों दलों के कई कार्यकर्ता घायल हुए हैं। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को लाठीचार्ज और पानी की बौछारों का सहारा लेना पड़ा।

दरअसल दिल्ली में आयोजित एआई समिट को लेकर युवा मोर्चा के द्वारा किए गए प्रदर्शन के विरोध में आज भाजपा युवा मोर्चा के कार्यकर्ता विरोध प्रदर्शन के लिए गांधी भवन की ओर बढ़ रहे थे।

जहां पुलिस ने उन्हें मच्छी बाजार चौराहे पर बैरिकेडिंग कर रोक दिया। इसी दौरान कांग्रेस कार्यकर्ता भी बड़ी संख्या में वहां एकत्र हो गए। दोनों पक्षों के बीच तीखी नारेबाजी शुरू हुई, जो कुछ ही देर में उग्र हो गई। इस दौरान प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पहले धक्का-मुक्की हुई और उसके बाद अचानक पत्थरबाजी शुरू हो गई। गांधी भवन परिसर और आसपास के क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई।

दरअसल कांग्रेस कार्यालय पर हुए पथराव में तीन पत्रकारों और कुछ पुलिसकर्मियों सहित भाजपा और कांग्रेस के कई कार्यकर्ता घायल हुए। कांग्रेस के जिला अध्यक्ष विपिन वानखेड़े को सिर में गहरी चोट आई, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। अन्य घायलों का भी इलाज जारी है। मामला बिगड़ता देख अतिरिक्त पुलिस बल मौके पर बुलाया गया। डीसीपी, एडिशनल डीसीपी, चार थानों के थाना प्रभारी और एडिशनल पुलिस कमिश्नर अमित सिंह स्वयं मोर्चा संभालते नजर आए।

पुलिस ने लाठीचार्ज कर भीड़ को तितर-बितर करने की कोशिश की और पानी की बौछारें भी छोड़ीं, हालांकि शुरुआती तौर पर इसका सीमित असर दिखाई दिया। जिसमें एडिशनल पुलिस कमिश्नर अमित सिंह ने कहा कि सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल रिकॉर्डिंग और वायरल वीडियो के आधार पर पथराव करने वालों की पहचान की जा रही है और उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

अमित सिंह — एडिशनल पुलिस कमिश्नर 

वही इस घटना के बाद राजनीतिक बयानबाजी भी तेज हो गई। नेता प्रतिपक्ष चिंटू चौकसे ने आरोप लगाया कि भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने पथराव शुरू किया। वहीं दूसरी ओर भाजपा नेताओं ने कांग्रेस पर हिंसा भड़काने का आरोप लगाया।

अमन बजाज — पूर्व कार्यकारी अध्यक्ष, शहर कांग्रेस चिंटू चौकसे — अध्यक्ष, शहर कांग्रेस 

वही पथराव के बाद इंदौर के पंढरीनाथ थाने पर विधायक रमेश मेंदोला, विधायक गोलू शुक्ला और भाजपा नगर अध्यक्ष सुमित मिश्रा सहित अन्य कार्यकर्ता पहुंचे और कांग्रेस नेताओं के खिलाफ प्रकरण दर्ज करने की मांग को लेकर थाने का घेराव किया।

सुमित मिश्रा — नगर अध्यक्ष, भाजपा

दरअसल घटना से जुड़े फोटो और वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं। पुलिस इन वायरल क्लिप्स की भी जांच कर रही है ताकि असामाजिक तत्वों की पहचान की जा सके। घटना के बाद क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। प्रशासन ने आमजन से शांति बनाए रखने और अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है, लेकिन पूरे मामले की जांच जारी है।

---Advertisement---
Share & Earn