खराब मीटर बदलने से लेकर 33KV नई लाइन जोड़ने तक, अमिलिया में बिजली सुधार के बड़े कदम
सिहावल/अमिलिया। क्षेत्र के विद्युत उपभोक्ताओं को बेहतर, निर्बाध और गुणवत्तापूर्ण बिजली आपूर्ति उपलब्ध कराने के लिए अमिलिया वितरण केंद्र में सुधार कार्यों की रफ्तार तेज कर दी गई है। विभाग द्वारा एक ओर जहां खराब और निष्क्रिय विद्युत मीटरों को बदलने का अभियान चलाया जा रहा है, वहीं विद्युत आपूर्ति तंत्र को मजबूत बनाने के लिए महत्वपूर्ण लाइनों और फीडरों के सुधार का कार्य भी युद्धस्तर पर जारी है।
अधीक्षण अभियंता के निर्देश पर अमिलिया वितरण केंद्र अंतर्गत ऐसे विद्युत मीटरों का प्रतिस्थापन किया जा रहा है जो खराब हो चुके हैं या उपभोक्ताओं के परिसरों में स्थापित नहीं हैं। विभाग का मानना है कि इस अभियान से उपभोक्ताओं को औसत खपत के आधार पर जारी होने वाले बिजली बिलों से राहत मिलेगी और उन्हें वास्तविक खपत के अनुरूप सटीक बिल प्राप्त होंगे।
इसी क्रम में 33/11 केवी विद्युत उपकेंद्र अमिलिया की बैक फीडर लाइन, जो एक पेड़ गिरने के कारण पिछले लगभग 15 दिनों से बाधित थी, उसे विभागीय टीम ने मरम्मत कर पुनः चालू कर दिया है। इसके बाद पहाड़ी और सेमरी उपकेंद्रों से संचालित सभी 11 केवी फीडरों की विद्युत आपूर्ति अब सामान्य रूप से की जा सकेगी।
विभाग द्वारा वर्षों से बंद पड़ी 33 केवी बहरी-सेमरी विद्युत लाइन को भी पुनः चालू करने की दिशा में कार्य शुरू कर दिया गया है। अधीक्षण अभियंता एवं कार्यपालन अभियंता के मार्गदर्शन में इस महत्वपूर्ण परियोजना पर तेजी से काम किया जा रहा है, जिससे क्षेत्र की बिजली व्यवस्था को अतिरिक्त मजबूती मिलेगी।
अधिकारियों के अनुसार, बरसात शुरू होने से पहले अमिलिया वितरण केंद्र को वर्तमान में संचालित दो 33 केवी लाइनों के साथ एक अतिरिक्त तीसरी 33 केवी लाइन से भी जोड़ने की योजना पर कार्य चल रहा है। इसके पूरा होने के बाद किसी एक लाइन में तकनीकी खराबी आने की स्थिति में भी वैकल्पिक व्यवस्था के माध्यम से उपभोक्ताओं को निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जा सकेगी।
विभाग की इन पहलों से सिहावल क्षेत्र के हजारों विद्युत उपभोक्ताओं को आने वाले समय में अधिक भरोसेमंद, सुचारु और निरंतर बिजली आपूर्ति का लाभ मिलने की उम्मीद है

