कुसमी को मिले नए एसडीएम अजय शर्मा, संभाला पदभार; अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश
अमित श्रीवास्तव
(सीधी) कुसमी अनुभाग को नए उपखंड अधिकारी (एसडीएम) के रूप में अजय शर्मा का नेतृत्व मिल गया है। उन्होंने सोमवार, 7 जुलाई को कुसमी पहुंचकर विधिवत अपना पदभार ग्रहण किया। पदभार संभालने के बाद उन्होंने सबसे पहले राजस्व विभाग की बैठक लेकर अधिकारियों एवं कर्मचारियों से परिचय प्राप्त किया तथा राजस्व कार्यों में पारदर्शिता, समयबद्धता और आमजन को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराने के संबंध में आवश्यक निर्देश दिए।
पदभार ग्रहण करने के बाद एसडीएम अजय शर्मा ने क्षेत्र का दौरा भी शुरू कर दिया है। इस दौरान वे विद्यालयों सहित विभिन्न शासकीय संस्थानों का निरीक्षण कर रहे हैं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शासन की महत्वाकांक्षी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन जमीनी स्तर तक सुनिश्चित किया जाए, ताकि पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का पूरा लाभ समय पर मिल सके।
मीडिया से चर्चा करते हुए एसडीएम अजय शर्मा ने कहा कि आम नागरिकों को शासन की सभी योजनाओं का लाभ सरलता और पारदर्शिता के साथ उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि प्रशासन क्षेत्र के लोगों की समस्याओं के त्वरित समाधान और बेहतर जनसेवा के लिए निरंतर प्रयासरत रहेगा। साथ ही सभी विभागों के अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश भी दिए गए हैं।

