कुसमी कुकिंग प्रतियोगिता में मिट्टी के मटके का शीतल जल बना आकर्षण का केंद्र
कुसमी। मॉडल विद्यालय कुसमी में आयोजित पीएम पोषण योजना अंतर्गत कुकिंग प्रतियोगिता एवं व्यंजन प्रदर्शनी में स्व-सहायता समूहों द्वारा अनेक पौष्टिक व्यंजनों का प्रदर्शन किया गया। इस दौरान संदीपनी विद्यालय कुसमी की रसोइया सकुन्तला सिंह द्वारा मिट्टी के मटके में शीतल जल भरकर प्रदर्शनी में प्रस्तुत किया गया, जिसने सभी का ध्यान आकर्षित किया।
प्रदर्शनी का अवलोकन करते हुए जिला पंचायत सदस्य हीराबाई सिंह ने मिट्टी के मटके के उपयोग की सराहना की और इसे प्रधानमंत्री के “मेक इन इंडिया” एवं स्थानीय कारीगरों को बढ़ावा देने की भावना से जुड़ा बताया। उन्होंने कहा कि मिट्टी के बर्तनों का उपयोग न केवल भारतीय संस्कृति को सहेजता है, बल्कि शुद्धता और स्वास्थ्य का भी संदेश देता है।
इस अवसर पर एसडीएम शैलेश द्विवेदी ने स्वयं मटके से शीतल जल निकालकर जिला पंचायत सदस्य हीराबाई सिंह को पिलाया। उन्होंने कहा कि मिट्टी के मटके का पानी प्राकृतिक रूप से ठंडा एवं स्वास्थ्यवर्धक होता है तथा इसके उपयोग से पर्यावरण संरक्षण के साथ स्थानीय कारीगरों को भी प्रोत्साहन मिलता है।
कार्यक्रम में उपस्थित अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने समूह द्वारा दिए गए स्वास्थ्य, स्वच्छता और पारंपरिक भारतीय जीवनशैली से जुड़े संदेश की सराहना की। प्रतियोगिता में क्षेत्र के अनेक स्व-सहायता समूहों ने भाग लेकर अपने कौशल और नवाचार का प्रदर्शन किया।

