कुसमी में शुरू हुआ कक्षा 5वीं और 8वीं का मूल्यांकन कार्य, जिला शिक्षा कार्यालय की टीम ने किया आकस्मिक निरीक्षण
कुसमी/सीधी।
इस बार मध्यप्रदेश शासन के राज्य शिक्षा केंद्र के आदेशानुसार जिले में कक्षा 5वीं और 8वीं की वार्षिक परीक्षाओं की उत्तरपुस्तिकाओं का मूल्यांकन कार्य शुरू कर दिया गया है। कलेक्टर स्वरोचिष सोमवंशी के निर्देशन और जिला शिक्षा अधिकारी सीधी के कुशल नेतृत्व में कुसमी में यह महत्वपूर्ण प्रक्रिया विधिवत प्रारंभ की गई। पहले ही दिन व्यवस्थाओं को सुचारू रखने के लिए अधिकारियों ने सक्रियता दिखाई।
वही कुसमी स्थित मूल्यांकन केंद्र में प्राचार्य मॉडल राजकुमार सिंह और बीआरसीसी अंगिरा प्रसाद द्विवेदी की देखरेख में मूल्यांकन कार्य संचालित किया जा रहा है। यहां कक्षा 5वीं की उत्तरपुस्तिकाओं का मूल्यांकन दो कक्षों में तथा कक्षा 8वीं की कॉपियों का मूल्यांकन तीन कक्षों में कराया जा रहा है। शिक्षकों की टीम निर्धारित मापदंडों के अनुसार विद्यार्थियों की उत्तरपुस्तिकाओं का मूल्यांकन कर रही है ताकि परिणाम निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से घोषित किए जा सकें।
जहा अब मूल्यांकन कार्य के पहले ही दिन जिला शिक्षा कार्यालय की ओर से आकस्मिक निरीक्षण भी किया गया। सहायक संचालक ओशो उत्सव तथा एपीसी डॉ. सुजीत मिश्र ने कुसमी पहुंचकर मूल्यांकन केंद्र का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने मूल्यांकन कक्षों का जायजा लिया और शिक्षकों से मूल्यांकन प्रक्रिया के बारे में जानकारी प्राप्त की। अधिकारियों ने यह भी सुनिश्चित किया कि सभी उत्तरपुस्तिकाओं का मूल्यांकन राज्य शिक्षा केंद्र द्वारा निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुरूप ही किया जाए।
इस निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने शिक्षकों को निर्देश दिए कि उत्तरपुस्तिकाओं की जांच पूरी सावधानी और पारदर्शिता के साथ की जाए, जिससे विद्यार्थियों को उनके प्रदर्शन के अनुसार सही अंक मिल सकें। उन्होंने मूल्यांकन प्रक्रिया को समयबद्ध और व्यवस्थित तरीके से पूरा करने पर भी जोर दिया।
वही बताया गया कि जिले में कक्षा 5वीं और 8वीं के मूल्यांकन कार्य को चरणबद्ध तरीके से पूरा किया जाएगा, जिसके बाद परिणाम घोषित किए जाएंगे। शिक्षा विभाग के अधिकारियों का कहना है कि इस प्रक्रिया का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों के शैक्षणिक स्तर का सही आकलन करना और शिक्षा की गुणवत्ता को बेहतर बनाना है।

