सड़क से हटेगा सब्जी बाजार, अब नदी किनारे मिलेगी राहत
कुसमी प्रशासन का बड़ा फैसला: जाम, दुर्घटना और अव्यवस्था रोकने नई व्यवस्था लागू
सीधी जिले के कुसमी क्षेत्र में हर मंगलवार लगने वाले सब्जी बाजार को लेकर प्रशासन ने बड़ा फैसला लिया है। वर्षों से सड़क किनारे लग रहे इस हाट बाजार को अब बरी नदी किनारे शिफ्ट किया जाएगा। प्रशासन का मानना है कि इस कदम से लगातार लगने वाले जाम, सड़क दुर्घटनाओं की आशंका और आम लोगों की परेशानी से राहत मिलेगी।
रविवार शाम करीब 6:30 बजे कुसमी तहसीलदार नारायण सिंह ने मौके पर पहुंचकर दुकानदारों और ग्रामीणों को नई व्यवस्था के बारे में समझाइश दी। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी दुकानदार अपनी दुकानें सड़क किनारे लगाने के बजाय नदी किनारे निर्धारित स्थान पर लगाएं। प्रशासन द्वारा वहां पार्किंग सहित आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने की बात भी कही गई है।
गौरतलब है कि कोडार, कुसमी, रौहाल, जूरी, दुआरी समेत कई गांवों के लोग मंगलवार के दिन बड़ी संख्या में बाजार पहुंचते हैं। करीब 40 से अधिक दुकानें सड़क किनारे लगने से मुख्य मार्ग पर अक्सर जाम की स्थिति बन जाती थी। कई बार एंबुलेंस और स्कूली वाहनों को भी निकलने में दिक्कतों का सामना करना पड़ता था। स्थानीय लोगों ने इस समस्या को लेकर कई बार शिकायत दर्ज कराई थी, जिसके बाद प्रशासन ने यह निर्णय लिया।
तहसीलदार नारायण सिंह ने भगवार की सरपंच चेतना सिंह और सचिव रामभद्र शुक्ला को आदेश का पालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि बाजार को व्यवस्थित तरीके से संचालित करना प्रशासन की प्राथमिकता है ताकि व्यापार भी प्रभावित न हो और आम लोगों को भी सुविधा मिल सके।
इस दौरान नायब तहसीलदार टोप्पो, थाना प्रभारी अरूणा द्विवेदी, पूर्व जिला पंचायत सदस्य शेषमणि पनिका, उप सरपंच विमल जायसवाल, गुरु नानक गुप्ता सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
प्रशासन के इस फैसले को स्थानीय लोग “ट्रैफिक और सुरक्षा दोनों के लिए जरूरी कदम” मान रहे हैं। अब देखने वाली बात होगी कि मंगलवार से नई व्यवस्था कितनी सफल साबित होती है।

