लूट के फरार दो आरोपी गिरफ्तार, घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल जब्त
सीधी जिले के कमर्जी थाना क्षेत्र में हुई लूट की वारदात में फरार चल रहे दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी जब्त कर ली है।
मिली जानकारी के अनुसार, फरियादी गोविंद जायसवाल (24) निवासी ग्राम वघऊं, जिला सीधी ने 22 जनवरी 2026 को थाना में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उसने बताया कि 21 जनवरी को दोपहर में वह अपनी ऑटो पार्ट्स की दुकान बंद कर घर गया था। इसी दौरान उसे एक अज्ञात व्यक्ति का फोन आया, जिसने चिलरी-भितरी मार्ग पर मोटरसाइकिल खराब होने की बात कहकर उसे मरम्मत के लिए बुलाया।

जहा फरियादी अपने औजार लेकर उक्त व्यक्ति के साथ मौके पर पहुंचा, जहां पहले से एक अन्य मोटरसाइकिल और चार व्यक्ति मौजूद थे। मोटरसाइकिल चेक करने के दौरान दो आरोपियों ने उसके साथ मारपीट की, जबकि अन्य दो ने उसकी जेब से मोबाइल फोन और तीन हजार रुपये नकद लूट लिए। किसी तरह फरियादी मौके से भाग निकला, लेकिन उसके औजार वहीं छूट गए, जिन्हें आरोपी अपने साथ ले गए।
इस घटना के बाद पीड़ित ने अगले दिन थाना में रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की। जांच के दौरान दो आरोपियों नीरेंद्र प्रजापति (20) निवासी ग्राम बढ़ौना थाना कमर्जी तथा जगदीश प्रजापति (19) निवासी उत्तर करौंदिया को गिरफ्तार किया गया। वहीं दो बाल अपचारियों से लूटा गया मोबाइल, औजार तथा घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की गई।

इस मामले में फरार आरोपी शिवम कुशवाहा और शुभम कुशवाहा को भी 16 मार्च 2026 को गिरफ्तार कर लिया गया। शिवम के कब्जे से घटना में प्रयुक्त एक अन्य मोटरसाइकिल जब्त की गई है।
वही पुलिस ने सभी आरोपियों को न्यायालय में प्रस्तुत कर जिला जेल भेज दिया है। कार्रवाई में उपनिरीक्षक इंद्राज सिंह, सहायक उपनिरीक्षक मनोज वर्मा, प्रधान आरक्षक अमर सिंह एवं आरक्षक सोनू यादव की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

