---Advertisement---

Mauganj news:हनुमना में युवक की रहस्यमय मौत पर बवाल, हाईवे जाम, हत्या की एफआईआर की मांग पर अड़े परिजन

Manoj Shukla

By Manoj Shukla

Published on:

---Advertisement---

Mauganj news:हनुमना में युवक की रहस्यमय मौत पर बवाल, हाईवे जाम, हत्या की एफआईआर की मांग पर अड़े परिजन

Mauganj news:मऊगंज जिले के हनुमना इलाके में गुरुवार को युवक की संदिग्ध मौत को लेकर भारी हंगामा खड़ा हो गया। मृतक प्रदीप शुक्ला के परिजनों और क्षेत्र के सैकड़ों ग्रामीणों ने आरटीओ चेक पोस्ट के पास राष्ट्रीय राजमार्ग पर शव रखकर जाम लगा दिया। आंदोलनकारी पुलिस के ‘साधारण हादसे’ वाले दावे को नकारते हुए इस मौत को पूरी तरह योजनाबद्ध हत्या बता रहे हैं। हालात बिगड़ते देख कलेक्टर और एसपी को मौके पर पहुंचकर स्थिति को काबू में लेना पड़ा।

दो घंटे तक ठप रहा नेशनल हाईवे

गुरुवार दोपहर शुरू हुआ चक्काजाम करीब दो घंटे तक लगातार जारी रहा। “हमें न्याय चाहिए” और “हत्या की धारा में केस दर्ज करो” जैसे नारे पूरे क्षेत्र में गूंजते रहे। इससे हाईवे के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यात्री घंटों फंसे रहे।

पुलिस का दावा: खड़े ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकराई बाइक

मामला मंगलवार देर शाम का बताया जा रहा है। पुलिस के अनुसार प्रदीप शुक्ला अपनी बाइक से घर लौटते समय सड़क किनारे खड़ी ट्रैक्टर-ट्रॉली से भिड़ गए थे। गिरने के कारण गंभीर चोटें आईं और उनकी मौत हो गई। पुलिस इसे एक साधारण सड़क दुर्घटना बता रही है।

परिजनों का आरोप: मारपीट में गई जान

लेकिन मृतक के परिवारजन पुलिस की इस कहानी को पूरी तरह खारिज कर रहे हैं। उनका कहना है कि टक्कर के बाद मौके पर मौजूद 5-6 लोगों ने प्रदीप को पकड़कर बुरी तरह पीटा, जिससे उनकी मौत हुई। परिजनों का आरोप है कि शुरू में प्रशासन इस मामले को “सड़क हादसा” बताकर दबाने की कोशिश कर रहा था।

परिवार के सदस्य ओमप्रकाश तिवारी ने कहा, “यह सीधा-सीधा मर्डर है। 24 घंटे तक हमें शव नहीं दिखाया गया। जांच पूरी तरह पारदर्शी होनी चाहिए और दोषियों को तुरंत गिरफ्तार किया जाए।”

प्रशासन की सक्रियता, अब पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट पर टिकी निगाहें

Mauganj news:जाम की सूचना मिलते ही कलेक्टर और एसपी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। समझाइश के बाद नाराज परिजन और ग्रामीण किसी तरह माने और जाम समाप्त हुआ। अब सभी की निगाहें पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट पर हैं, जो यह साफ करेगी कि प्रदीप की मौत हादसे की वजह से हुई या फिर मारपीट का मामला सामने आएगा।

स्थानीय स्तर पर यह घटना कानून-व्यवस्था पर बड़ा सवाल खड़ा कर रही है और ग्रामीण न्याय मिलने तक संघर्ष जारी रखने की बात कह रहे हैं।

Manoj Shukla

Manoj Shukla

मै मनोज कुमार शुक्ला 9 सालों से लगातार पत्रकारिता मे सक्रिय हूं, समय पर और सटीक जानकारी उपलब्ध कराना ही मेरी पहली प्राथमिकता है।

---Advertisement---
Share & Earn