मध्य प्रदेश में गजब की टैक्स चोरी, ऑटो-कार से 400 क्विंटल आटे का परिवहन, CAG रिपोर्ट में खुलासा
भोपाल: मध्य प्रदेश कई मामलों में गजब है. अब एक गजब कारनामा फिर सामने आया है. मध्य प्रदेश में व्यापारियों ने 74 क्विंटल से ज्यादा आटा ऑटो से ही परिवहन कर डाला. यही नहीं 300 क्विंटल आटा और तिलहन को कार से दिल्ली तक भेज दिया. जीएसटी में चोरी का यह कारनामा भारत के नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक ने पकड़ा है. जीएसजी के रिपोर्ट में सामने आया है कि व्यापारियों ने टैक्स बचाने के लिए स्कूटर तक पर ईवे बिल जनरेट कर डाले और इन पर भारी भरकम सामान का परिवहन भी दिखा दिया. सीएजी ने इसे वाहनों की क्षमता से परे बताते हुए टैक्स में चोरी बताया है.
स्कूटर पर 7 हजार से ज्यादा चादरें भेजना बताया
सीएजी ने टैक्स चोरी के लिए संदिग्ध परिवहन के कई मामले पकड़े हैं. सीएजी की रिपोर्ट में सामने आया है कि व्यापारियों ने एक्टिवा, चोरी के वाहन, ब्लैकलिस्टिड वाहन और कार तक से परिवहन दिखाया. इंदौर 3 वृत के एक प्रकरण में सामने आया कि दो पहिया वाहन क्रमांक एमएच-46 बीजी 2879 से 7556 चादरों का परिवहन दिखाया गया.
डेटाबेस के साथ वाहन का मिलान, निकली गड़बड़ी
ऑडिट विभाग के अधिकारियों ने जब इस वाहन नंबर का सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय के वाहन डेटाबेस के साथ वाहन का मिलान किया, तो गड़बड़ी सामने आई. पता चला कि जिस वाहन से 7 हजार 556 चादरों का परिवहन दिखाया गया, वह मोटर साइकिल/स्कूटर है. इसी तरह पीथमपुर में वाहन क्रमांक एमएच 46 बीएन 3925 से 335 किलो कैमिकल का परिवहन दिखाया गया. जांच में यह वाहन होंडा एक्टिवा निकली, इसी तरह कई और गड़बड़ियां सामने आई हैं.
भोपाल 5 वृत में चोरी के वाहन से 310 क्विंटल सोयाबीन का परिवहन किया गया.
इंदौर 12 वृत में कंडम वाहन जीजे 11 डब्ल्यू 2771 से 11 हजार 53 किलो मूंगफली का परिवहन दिखाया गया.
इंदौर 12 में फिटनेस समाप्त हो चुके वाहन जीजे 03 टी 2451 से 13 हजार 85 किलो रूई का परिवहन दिखाया गया.
इंदौर 5 में चोरी के वाहन क्रमांक एचआर 74ए9267 से 600 बॉक्स घी का परिवहन दिखाया गया.
इंदौर 5 में फिटनेस खत्म हो चुके वाहन एचआर 74 ए 4446 से 600 बॉक्स घी का परिवहन दिखाया गया.
इंदौर 12 वृत में फिटनेस खत्म हो चुके वाहन जीजे 03 एएक्स 7987 से 15000 किलो ग्राम सामान का परिवहन दिखाया गया. जबकि वाहन की क्षमता ही 1200 किलो ग्राम की थी.
मुरैना में ऑटो वाहन यूपी 80 बीटी 8160 से 7 हजार 480 किलो ग्राम आटा का परिवहन दिखाया गया.
इंदौर 13 में यात्री कार एमपी 09एच 5012 मारूती 800 का उपयोग 300 क्विंटल आटा एवं तिलहन का परिवहन दिखाया गया.
इंदौर से यह माल दिल्ली भेजना दिखाया गया, सीएजी ने अपनी रिपोर्ट में कहा है कि, दिल्ली परिवहन के लिए ई वे विल जनरेट किया गया, जिसकी टैक्सेबल वैल्यू 1.5 करोड़ और कर राशि 12.60 लाख थी. इस्तेमाल किया गया वाहन मारूति 800 था. यह लेन-देन नकली प्रतीत होता है, क्योंकि वस्तु की मात्रा वाहन की क्षमता से ज्यादा है.
करदाता ने इस अवधि के लिए रिटर्न भी दाखिल नहीं किया है. उधर सीएजी की रिपोर्ट में बताया गया कि, इनपुट टैक्स क्रेडिट, टैक्स मिलान करने पर 1636 करोड़ रुपए का मिसमैच पाया गया है. इसी तरह 36 टर्नओवर मिस मैच में 6 हजार 383 करोड़ रुपए का मिसमैच देखा गया है.
विभाग ने कहा-पहचान करने में असमर्थ
उधर, सीएजी द्वारा गड़बड़ी पकड़े जाने पर विभाग ने अपने जवाब में कहा कि, नवंबर 2024 में सिर्फ वाहन नंबरों की जानकारी दी गई थी. विभाग गुड्स एंड सर्विस टैक्स आइडेंटिफिकेशन नंबर पहचान करने में असमर्थ है. क्योंकि वाहन संख्या के माध्यम से ई-वे बिल का डेटा सिर्फ पिछले दो माह के लिए ही निकाला जा सकता है. इसके अलावा फिटनेस एक्सपायर्ड वाहनों या ब्लैकलिस्टेड वाहनों के आधार पर विभाग यह नहीं मान सकता कि कारदाता ने जीएसटी कानून के तहत चोरी की है.

