बिहार में मेला देखकर लौट रहे थे चार दोस्त, 20 फीट नीचे नदी में गिरी कार, 3 की मौत,एक लापता
मधेपुरा: बिहार के मधेपुरा जिले में शुक्रवार देर रात एक भीषण सड़क दुर्घटना में तीन युवकों की मौत हो गई, जबकि चौथा दोस्त अभी लापता है. हादसा अरार घाट पुल पर हुआ, जहां एक कार बिजली के खंभे को तोड़ते हुए लगभग 20 फीट ऊंचे पुल से नीचे नदी में जा गिरी. चारों दोस्त ग्वालपाड़ा में दीनाभद्री मेला देखकर मधेपुरा लौट रहे थे.
देर रात हुआ हादसा, तीन की मौत
पुलिस के अनुसार, हादसा शुक्रवार रात करीब 1 बजे हुआ. युवक रात 9 बजे स्टेशन चौक से निकले थे. कार अचानक बेकाबू हो गई और बिजली के खंभे से टकराते हुए पुल की रेलिंग तोड़ नदी में गिर गई. स्थानीय लोगों ने हादसे की सूचना दी, जिसके बाद बचाव कार्य शुरू किया गया.
एक युवक की तलाश जारी
मृतकों की पहचान मधेपुरा स्टेशन चौक वार्ड-23 निवासी 28 वर्षीय घनश्याम कुमार, सहरसा जिले के बसनही थाना क्षेत्र के मोकमा निवासी मनोज कुमार के 26 वर्षीय अंकित कुमार और सौर बाजार थाना क्षेत्र के फोरसाहा निवासी प्रमोद यादव के पुत्र 23 वर्षीय वसंत कुमार के रूप में हुई है. लापता युवक की पहचान जयपालपट्टी वार्ड नंबर 15 निवासी सागर कुमार के रूप में हुई है. पुलिस और एसडीआरएफ की टीम लापता युवक की तलाश में नदी में छानबीन कर रही है.
क्या कहती है पुलिस
अरार थाना पुलिस ने बताया कि ”जानकारी मिलते ही टीम मौके पर पहुची और राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिया गया. कार को नदी से बाहर निकाला गया. तीन शव बरामद हुए है, शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. कार में सवार एक और शख्स की तलाश की जा रही है.”
प्रशासन ने शुरू किया राहत कार्य
हादसे की खबर सुनकर परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. तीनों मृतक युवा थे और दोस्तों के साथ मेला घूमने गए थे. स्थानीय प्रशासन ने शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है. पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है, जिसमें तेज रफ्तार और सड़क की स्थिति पर भी गौर किया जा रहा है.

