महिलाओं का शराब के खिलाफ शंखनाद, अवैध ठिकाने पर खुद दी दबिश,जप्त शराब लेकर पहुंचीं एसपी कार्यालय…
मध्य प्रदेश कटनी – कटनी जिले के स्लीमनाबाद थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम डोंगरिया की महिलाओं ने एसपी कार्यालय में उस वक्त हड़कंप मचा दिया, जब गांव की दर्जनों महिलाएं हाथों में डंडे लेकर एक छोटा हाथी वाहन में भारी मात्रा में अवैध कच्ची और अंग्रेजी शराब की खेप भरकर सीधे एसपी कार्यालय पहुंच गईं। महिलाओं का आरोप है कि गांव में लंबे समय से खुलेआम अवैध शराब की बिक्री हो रही है, लेकिन कई शिकायतों के बावजूद पुलिस प्रशासन ने ठोस कार्रवाई नहीं की।
आक्रोशित महिलाओं ने बताया कि उन्होंने कई बार थाना और एसडीओपी कार्यालय में लिखित व मौखिक शिकायतें दीं, लेकिन हर बार उन्हें टालमटोल जवाब मिला। आरोप है कि पुलिस ने यहां तक कह दिया कि पहले आप शराब पकड़ो, फिर हमें सूचना दो। पुलिस की कथित निष्क्रियता से नाराज़ ग्रामीण महिलाओं ने खुद मोर्चा संभाला, अवैध शराब के ठिकानों पर दबिश दी और वहां से जप्त की गई शराब व सामग्री लेकर सीधे कलेक्ट्रेट पहुंच गईं।
इस अनोखे विरोध प्रदर्शन ने जिले की कानून व्यवस्था और पुलिस की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। गांव की महिलाओं का कहना है कि अवैध शराब की वजह से परिवार बर्बाद हो रहे हैं और युवाओं का भविष्य खतरे में है, इसलिए वे अब चुप नहीं बैठेंगी।
वहीं, मामले पर एडिशनल एसपी संतोष डेहरिया ने सफाई देते हुए कहा कि पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। कुछ असामाजिक तत्व कार्रवाई के बाद भी दोबारा अवैध शराब की बिक्री शुरू कर देते हैं। महिलाओं की शिकायत के बाद ग्राम के सभी संदिग्ध ठिकानों पर कार्रवाई की गई है और आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

