Mp news:करजू पुलिया पर प्रशासनिक लापरवाही ने बढ़ाया खतरा, युवक बाइक सहित बहा, ग्रामीणों ने बचाई जान
मंदसौर, 4 सितंबर।
Mp news : मंदसौर जिले के करजू गांव में प्रशासनिक लापरवाही एक बड़ी दुर्घटना का कारण बनते-बनते टल गई। लगातार हो रही भारी बारिश के चलते गुरुवार को करजू पुलिया पर पानी भर गया था। इस दौरान पुलिया पर रेलिंग या सुरक्षा बैरिकेड न होने की वजह से एक युवक अपनी बाइक सहित अनियंत्रित होकर सीधे नाले में जा गिरा।
घटना का वीडियो सामने आया है जिसमें स्पष्ट देखा जा सकता है कि युवक पानी से भरे नाले को पार करने की कोशिश में बह गया। हादसा बड़ा रूप ले सकता था, लेकिन गनीमत रही कि मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने तुरंत हिम्मत दिखाते हुए युवक को बाहर निकाल लिया। ग्रामीणों की सूझबूझ और साहस से युवक की जान बच गई, अन्यथा यह घटना किसी बड़ी त्रासदी में बदल सकती थी।
Mp news : ग्रामीणों का कहना है कि हर वर्ष बरसात के दौरान करजू पुलिया पर पानी भरने की स्थिति बनती है। इसके बावजूद न तो प्रशासन द्वारा पुलिया पर रेलिंग लगाई गई है और न ही अस्थायी बैरिकेड की व्यवस्था की गई है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि संबंधित विभाग और प्रशासन की अनदेखी के चलते हर साल लोगों को जान जोखिम में डालकर इस पुलिया से गुजरना पड़ता है।
घटना के बाद से क्षेत्रवासियों में आक्रोश देखा जा रहा है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि इस पुलिया पर तत्काल सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उनका कहना है कि अगर जल्द ही स्थायी समाधान नहीं किया गया तो भविष्य में कोई गंभीर हादसा हो सकता है।
इस घटना ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि जब खतरे की आशंका पहले से है, तो प्रशासन क्यों हाथ पर हाथ धरे बैठा है। समय रहते ठोस कदम न उठाने पर यह लापरवाही किसी बड़ी जनहानि का कारण बन सकती है।
No Comment! Be the first one.