---Advertisement---

Mp news:स्वास्थ्य सेवाओं की खामियां होंगी दूर, 200 बेड का जिला अस्पताल बनेगा मील का पत्थर

Manoj Shukla

By Manoj Shukla

Published on:

---Advertisement---

Mp news:उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल का मऊगंज दौरा : स्वास्थ्य सेवाओं की खामियां होंगी दूर, 200 बेड का जिला अस्पताल बनेगा मील का पत्थर

Mp news: उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल शनिवार को दोपहर सिविल अस्पताल मऊगंज पहुंचे और वहां की व्यवस्थाओं का गहन निरीक्षण किया। उन्होंने मरीजों से बातचीत कर स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति का जायजा लिया और स्पष्ट कहा कि अब किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अस्पताल में जो भी कमियां सामने आई हैं, उन्हें शीघ्र दूर कर आमजन को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।

निरीक्षण के दौरान उप मुख्यमंत्री ने विशेष रूप से सिजेरियन प्रसव से संबंधित शल्य क्रियाओं की व्यवस्था पर ध्यान केंद्रित किया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की शल्य क्रियाओं में विशेषज्ञ चिकित्सक और आवश्यक संसाधन अनिवार्य हैं। जहां-जहां कमी पाई गई है, उन्हें नोट कर लिया गया है और संबंधित अधिकारियों को तत्काल निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

Mp news: शुक्ल ने आगे जानकारी दी कि मऊगंज में 200 बिस्तरों का विशाल जिला चिकित्सालय निर्माणाधीन है। यह भवन न केवल मऊगंज बल्कि पूरे जिले की स्वास्थ्य सेवाओं को नई दिशा देगा। उन्होंने निर्माण स्थल का निरीक्षण करते हुए अधिकारियों को गुणवत्तापूर्ण कार्य करने और समय सीमा के भीतर अस्पताल को पूर्ण करने के आदेश दिए।

वर्तमान में अस्पताल में डॉक्टरों की कमी और कुछ उपकरणों के अभाव की बात सामने आई, जिसे दूर करने के लिए उन्होंने आश्वस्त किया कि जल्द ही सभी आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराए जाएंगे। साथ ही कलेक्टर को निर्देश दिए कि वह नियमित रूप से अस्पताल का निरीक्षण करें और व्यवस्थाओं को चुस्त-दुरुस्त बनाए रखें।

फिलहाल अस्पताल में प्रतिदिन ढाई से तीन सौ मरीज ओपीडी के माध्यम से इलाज प्राप्त कर रहे हैं, जो इस संस्थान पर जनता के गहरे विश्वास को दर्शाता है। निरीक्षण के समय मऊगंज विधायक प्रदीप पटेल, कलेक्टर संजय कुमार जैन और एसपी आरसी प्रजापति भी मौजूद रहे।

उप मुख्यमंत्री शुक्ल ने कहा—“सिजेरियन ऑपरेशन से जुड़ी जो भी समस्याएं हैं, उन्हें जल्द दूर किया जाएगा। मऊगंज का नया जिला चिकित्सालय स्वास्थ्य सेवाओं का मील का पत्थर साबित होगा।”

Manoj Shukla

Manoj Shukla

मै मनोज कुमार शुक्ला 9 सालों से लगातार पत्रकारिता मे सक्रिय हूं, समय पर और सटीक जानकारी उपलब्ध कराना ही मेरी पहली प्राथमिकता है।

---Advertisement---
Share & Earn