---Advertisement---

Mpnews:मऊगंज में जमीन विवाद ने लिया राजनीतिक रंग, नेशनल हाईवे-135 पर हंगामा

Manoj Shukla

By Manoj Shukla

Published on:

---Advertisement---

Mpnews:मऊगंज में जमीन विवाद ने लिया राजनीतिक रंग, नेशनल हाईवे-135 पर हंगामा, विधायक प्रदीप पटेल को पुलिस ने सुरक्षा में हटाया

Mpnews:मध्य प्रदेश के नवगठित मऊगंज जिले में एक पुराने जमीन विवाद ने उस वक्त बड़ा और तनावपूर्ण रूप ले लिया, जब स्थानीय विधायक प्रदीप पटेल मौके पर पहुंच गए। मऊगंज थाना क्षेत्र के बराब मोड़ पर लल्लू पांडे और विनोद खोडबानी के बीच चल रहे इस विवाद के दौरान नेशनल हाईवे-135 पर रात करीब 9 बजे हालात बेकाबू हो गए। विवाद में राजनीतिक दखल के आरोपों के बीच सड़क पर भारी भीड़ जमा हो गई और माहौल तनावपूर्ण हो उठा।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोनों पक्षों के बीच आपसी बातचीत चल रही थी, तभी विधायक प्रदीप पटेल वहां पहुंचे और एक पक्ष के समर्थन में धरने पर बैठ गए। आरोप है कि विधायक का यह कदम दूसरे पक्ष को नागवार गुजरा, जिसके बाद सैकड़ों लोगों की भीड़ जुट गई और विधायक के खिलाफ जमकर नारेबाजी शुरू हो गई। “मुर्दाबाद” के नारों से माहौल और अधिक उग्र हो गया

स्थिति उस समय और बिगड़ गई जब यह आरोप सामने आया कि विधायक के कहने पर पुलिस एक पक्षकार को हिरासत में लेने लगी। इसके विरोध में लोगों ने नेशनल हाईवे-135 पर हंगामा शुरू कर दिया, जिससे कुछ देर के लिए यातायात भी प्रभावित हुआ। तनाव के बीच एक पक्षकार लल्लू पांडे ने आत्मदाह की चेतावनी देकर प्रशासन और पुलिस की चिंता बढ़ा दी।

दूसरी ओर, विनोद खोडबानी ने दावा किया कि विवादित जमीन उनकी पुश्तैनी संपत्ति है और वे उसके वैध पट्टेदार हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कब्जा करने की कोशिश के दौरान उन्हें धमकियां मिलीं, जिसके बाद उन्होंने विधायक को पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी। खोडबानी के मुताबिक विधायक ने मौके पर पहुंचकर सभी से शांति बनाए रखने की अपील की थी।

Mpnews:विधायक प्रदीप पटेल ने अपने ऊपर लगे सभी आरोपों को सिरे से खारिज किया है। उन्होंने कहा कि वे किसी एक पक्ष के समर्थन में नहीं, बल्कि विवाद को शांत कराने के उद्देश्य से मौके पर पहुंचे थे। विधायक ने स्पष्ट किया कि जमीन विवाद का फैसला प्रशासन और न्यायालय के अधिकार क्षेत्र में है और सभी को कानूनी निर्णय का सम्मान करना चाहिए। लगभग दो घंटे तक चले हंगामे के बाद हालात बिगड़ते देख पुलिस ने मोर्चा संभाला और विधायक को सुरक्षा में वहां से हटाया। घटना के बाद इलाके में तनाव को देखते हुए पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।

Manoj Shukla

Manoj Shukla

मै मनोज कुमार शुक्ला 9 सालों से लगातार पत्रकारिता मे सक्रिय हूं, समय पर और सटीक जानकारी उपलब्ध कराना ही मेरी पहली प्राथमिकता है।

---Advertisement---
Share & Earn