---Advertisement---

Mpnews:322 मतों से जीतकर महेंद्र मिश्रा बने ग्राम पंचायत पन्नी के नए सरपंच, सात महीने बाद मिला नेतृत्व

Manoj Shukla

By Manoj Shukla

Published on:

---Advertisement---

Mpnews:322 मतों से जीतकर महेंद्र मिश्रा बने ग्राम पंचायत पन्नी के नए सरपंच, सात महीने बाद मिला नेतृत्व

Mpnews:जनपद पंचायत मऊगंज के अंतर्गत आने वाली ग्राम पंचायत पन्नी को आखिरकार सात महीने बाद नया सरपंच मिल गया है। सरपंच पद पर हुए उपचुनाव का परिणाम घोषित होते ही गांव में उत्साह का माहौल देखने को मिला। कड़े मुकाबले में महेंद्र मिश्रा ने अपने प्रतिद्वंद्वी रामश्रय मिश्रा को 322 मतों के अंतर से पराजित कर सरपंच पद पर जीत दर्ज की।

ग्राम पंचायत पन्नी में सरपंच पद के लिए कुल चार प्रत्याशी मैदान में थे। मतगणना के बाद घोषित परिणामों के अनुसार महेंद्र मिश्रा को कुल 855 मत प्राप्त हुए, जबकि उनके निकटतम प्रतिद्वंद्वी रामश्रय मिश्रा को 533 वोट मिले। अन्य दो प्रत्याशी मुकाबले में काफी पीछे रह गए। परिणाम घोषित होते ही महेंद्र मिश्रा के समर्थकों ने ढोल-नगाड़ों के साथ जीत का जश्न मनाया और एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर खुशी जाहिर की।

Mpnews:गौरतलब है कि यह उपचुनाव ग्राम पंचायत पन्नी के पूर्व सरपंच स्वर्गीय रामदरश मिश्रा के आकस्मिक निधन के कारण रिक्त हुए पद को भरने के लिए कराया गया था। लंबे समय से रिक्त पड़े इस पद के कारण पंचायत के कई विकास कार्य प्रभावित हो रहे थे। ऐसे में उपचुनाव को लेकर ग्रामीणों में खासा उत्साह देखा गया।

सोमवार, 29 दिसंबर को हुए मतदान में कुल 3269 मतदाताओं में से 1918 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। मतदान में महिलाओं की भागीदारी खास रही। कुल 976 महिला मतदाताओं ने मतदान किया, जबकि 942 पुरुष मतदाताओं ने वोट डाले। इस प्रकार कुल मतदान प्रतिशत 59.67 दर्ज किया गया, जो उपचुनाव के लिहाज से संतोषजनक माना जा रहा है।

जीत के बाद नवनिर्वाचित सरपंच महेंद्र मिश्रा ने इसे जनता का विश्वास और समर्थन बताया। उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायत पन्नी का समग्र विकास उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगा। सड़क, पेयजल, बिजली, स्वच्छता, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसी बुनियादी सुविधाओं को मजबूत किया जाएगा। साथ ही उन्होंने सभी वर्गों को साथ लेकर पारदर्शी और ईमानदार पंचायत संचालन का भरोसा दिलाया।

Manoj Shukla

Manoj Shukla

मै मनोज कुमार शुक्ला 9 सालों से लगातार पत्रकारिता मे सक्रिय हूं, समय पर और सटीक जानकारी उपलब्ध कराना ही मेरी पहली प्राथमिकता है।

---Advertisement---
Share & Earn