NH-39 पर मौत का तांडव,बकरियों से भरे ट्रक और बल्कर में भीषण भिड़ंत, श्रमिक की दर्दनाक मौत, 3 घायल
एमपी सीधी जिले में सोमवार सुबह राष्ट्रीय राजमार्ग NH-39 पर हुए भीषण सड़क हादसे ने इलाके में सनसनी फैला दी। ग्राम जोगीपुर के पास बकरियों से लदे ट्रक और बल्कर ट्रक की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। वही हादसा इतना भयावह था कि ट्रक में सवार 38 वर्षीय श्रमिक अब्दुल मजीद पिता अब्दुल हकीम, निवासी ग्राम हनुमानगढ़ थाना सिमरिया की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
मिली जानकारी के अनुसार सिंगरौली से रीवा की ओर जा रहे एक ट्रक में करीब 485 बकरियां लोड थीं। इसी दौरान सीधी से सिंगरौली की तरफ जा रहा एक बल्कर ट्रक सामने से आ गया। बताया जा रहा है कि तेज रफ्तार और गलत दिशा में वाहन आने के कारण दोनों ट्रक अनियंत्रित होकर आमने-सामने टकरा गए। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों वाहनों के अगले हिस्से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए और मौके पर चीख-पुकार मच गई।
इस हादसे के बाद आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और सिटी कोतवाली पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल उपचार के लिए जिला अस्पताल सीधी भेजा गया। हादसे में बल्कर चालक समय लाल कुशवाहा निवासी ग्राम बड़गांव भी घायल हो गया, जिसे जिला अस्पताल में भर्ती कर इलाज किया जा रहा है।
वही ट्रक में मौजूद अन्य दो घायल मौके से ही फरार हो गए, जिनकी अभी तक पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस उनकी तलाश में जुटी हुई है।
इस हादसे के बाद ट्रक में लदी सभी बकरियों को पास के एक बाड़े में सुरक्षित रखा गया है, जहां उनके खाने-पानी की व्यवस्था की जा रही है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि बकरियां किसकी थीं और उन्हें कहां ले जाया जा रहा था।
वही अस्पताल चौकी प्रभारी देवराज सिंह ने बताया कि सड़क दुर्घटना में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई थी और तीन लोग घायल हुए थे। सभी को जिला अस्पताल लाया गया है। मामले की सूचना संबंधित थाने को भेज दी गई है और पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

