पीएम पोषण की गुणवत्ता बढ़ाने कुसमी में आयोजित हुई खंड स्तरीय कुकिंग प्रतियोगिता, स्व-सहायता समूहों ने प्रस्तुत किए पौष्टिक व्यंजन
अमित श्रीवास्तव कुसमी।
प्रधानमंत्री पोषण आहार योजना के अंतर्गत विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण, पौष्टिक एवं स्वच्छ भोजन उपलब्ध कराने तथा कुक-कम-हेल्परों में नवाचार, कौशल एवं रचनात्मकता को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से कुसमी में खंड स्तरीय कुकिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। यह प्रतियोगिता अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) के मार्गदर्शन में जनपद पंचायत कुसमी एवं जनपद शिक्षा केंद्र कुसमी के संयुक्त तत्वावधान में संपन्न हुई।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती की प्रतिमा पर दीप प्रज्वलन एवं पूजन के साथ हुआ। बीआरसी अंगिरा प्रसाद द्विवेदी ने प्रतियोगिता के उद्देश्य एवं पीएम पोषण योजना में इसकी उपयोगिता पर विस्तार से प्रकाश डाला।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि जिला पंचायत सदस्य श्रीमती हीराबाई सिंह तथा अध्यक्षता अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) श्री शैलेश द्विवेदी ने की। अपने संबोधन में मुख्य अतिथि ने कहा कि मध्याह्न भोजन योजना बच्चों के स्वास्थ्य, पोषण और सर्वांगीण विकास की आधारशिला है। उन्होंने स्व-सहायता समूहों एवं कुक-कम-हेल्परों की सराहना करते हुए स्थानीय स्तर पर उपलब्ध पोषक खाद्य सामग्री के अधिक उपयोग पर जोर दिया।
प्रतियोगिता में कुल 47 प्रतिभागियों ने भाग लिया। प्रतिभागियों ने चावल, दाल, हरी सब्जियां, पूड़ी, कढ़ी, खीर, अचार, सलाद, पापड़ सहित अनेक स्वादिष्ट एवं पौष्टिक व्यंजन तैयार कर प्रस्तुत किए। व्यंजनों का मूल्यांकन स्वाद, पौष्टिकता, स्वच्छता, प्रस्तुतीकरण एवं लागत प्रभावशीलता के आधार पर किया गया।
प्रतियोगिता के निष्पक्ष एवं पारदर्शी मूल्यांकन हेतु गठित निर्णायक समिति में ज्ञानेंद्र मिश्र (मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत कुसमी), अंगिरा प्रसाद द्विवेदी (बीआरसीसी), राजकुमार सिंह (प्राचार्य मॉडल स्कूल), दीनेन्द्र प्रताप सिंह (प्राचार्य जूरी), तारा सिंह (अध्यक्ष एसएमसी बड़ावाही), सुशीला सिंह (प्राथमिक शिक्षक), मायागिरी गोस्वामी (परियोजना अधिकारी महिला एवं बाल विकास विभाग) तथा मानकुमारी पनाडिया शामिल रहीं।
प्रतियोगिता परिणाम
प्रथम स्थान: श्रीमती लल्ली सिंह, मॉडल हायर सेकेंड्री स्कूल कुसमी
द्वितीय स्थान: श्रीमती सकुन्तला सिंह, सांदीपनि विद्यालय कुसमी
तृतीय स्थान: श्रीमती पावर्ती सिंह, सांदीपनि विद्यालय कुसमी
सांत्वना पुरस्कार: श्रीमती अनारकली सिंह (प्राथमिक शाला घाटीटोला, जन शिक्षा केंद्र सोनगढ़) एवं श्रीमती बेलन बाई सिंह (माध्यमिक शाला गोली पहरी, जन शिक्षा केंद्र जूरी)
विजेता प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। अधिकारियों ने प्रतिभागियों की रचनात्मकता, स्वच्छता एवं पोषण संबंधी समझ की सराहना की।
कार्यक्रम में समाजसेवी अखंड प्रताप सिंह (सरपंच कोडार), थाना प्रभारी कुसमी, महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारी, जन शिक्षक, स्व-सहायता समूहों के अध्यक्ष एवं सचिव तथा विभिन्न विद्यालयों के शिक्षक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
इस खंड स्तरीय कुकिंग प्रतियोगिता ने न केवल पीएम पोषण योजना की गुणवत्ता सुधार की दिशा में नई संभावनाओं को बल दिया, बल्कि स्थानीय खाद्य परंपराओं, मोटे अनाजों एवं पोषणयुक्त व्यंजनों को बढ़ावा देने का प्रभावी मंच भी प्रदान किया। कार्यक्रम के माध्यम से विद्यालयों में पौष्टिक भोजन के प्रति जागरूकता बढ़ाने और बच्चों के बेहतर स्वास्थ्य एवं पोषण को सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई।

