प्रदेश संगठन मंत्री विकास सिंह चौहान की पहल रंग लाई, चुरहट के तुर्रा मंदिर को पर्यटन स्थल बनाने विधायक अजय सिंह ने शासन को लिखा पत्र
मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेश संगठन मंत्री विकास सिंह चौहान की पहल पर चुरहट विधानसभा क्षेत्र की एक महत्वपूर्ण धार्मिक धरोहर को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने की कवायद तेज हो गई है। उनके द्वारा दिए गए आवेदन के आधार पर चुरहट विधायक अजय सिंह ‘राहुल’ ने मध्य प्रदेश शासन के पर्यटन विभाग के प्रमुख सचिव इलैया राजा टी को पत्र लिखकर सीधी जिले के ग्राम कमर्जी स्थित तुर्रा के प्राचीन मंदिर को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने की मांग की है।
विधायक अजय सिंह ने अपने पत्र में उल्लेख किया है कि प्रदेश संगठन मंत्री विकास सिंह चौहान ने आवेदन देकर इस प्राचीन मंदिर के संरक्षण एवं पर्यटन विकास की आवश्यकता पर ध्यान आकर्षित कराया था। आवेदन में बताया गया कि यह मंदिर क्षेत्र की धार्मिक आस्था का प्रमुख केंद्र होने के साथ-साथ प्राकृतिक सुंदरता से भी परिपूर्ण है, जिससे इसे पर्यटन स्थल के रूप में विकसित किए जाने की व्यापक संभावनाएं हैं।
पत्र में यह भी उल्लेख किया गया है कि पर्यटन विभाग द्वारा पूर्व में इस स्थल का निरीक्षण कर प्रस्ताव तैयार किया गया था, लेकिन अज्ञात कारणों से उस पर आगे कार्रवाई नहीं हो सकी। विधायक ने प्रमुख सचिव से पूर्व प्रस्ताव का परीक्षण कर आवश्यक कार्यवाही करते हुए मंदिर के पर्यटन विकास की प्रक्रिया शीघ्र शुरू करने का आग्रह किया है।
प्रदेश संगठन मंत्री विकास सिंह चौहान ने कहा कि यदि तुर्रा स्थित प्राचीन मंदिर को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित किया जाता है तो इससे क्षेत्र में धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा, स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे तथा चुरहट की ऐतिहासिक और धार्मिक पहचान को नई पहचान मिलेगी।
अब क्षेत्रवासियों की निगाहें पर्यटन विभाग के फैसले पर टिकी हैं। यदि शासन इस प्रस्ताव को मंजूरी देता है तो कमर्जी का यह प्राचीन मंदिर प्रदेश के प्रमुख धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों में अपनी अलग पहचान बना सकता है।

