*परीक्षा केंद्र ना होने से परेशान हो रहे मझौली कॉलेज के परीक्षार्थी*
*4:00 बजे प्रातः चुवाही से परीक्षा देने सीधी जाने को मजबूर परीक्षार्थी*
*संजय सिंह मझौली*
पूरा सत्र पढ़ने के बाद परीक्षा देना प्रत्येक विद्यार्थी का सपना होता है और उत्साह भी होता है लेकिन जब मझौली कॉलेज में अध्ययनरत विद्यार्थियों को परीक्षा देने का समय आता है तो उनके दिमाक मे समस्या घूमने लगती है और मजबूरी में प्रातः 3:00 बजे उठकर तैयारी कर 20 से 25 किलोमीटर दूरी का सफर तय कर चुवाही आते हैं जहां से 4:00 बजे प्रातः बस में सवार होकर 40 किलोमीटर की दूरी तय कर जिला मुख्यालय सीधी में परीक्षा देने मजबूरी में जाते हैं क्योंकि इसके बाद वाहन नहीं है जो 7:00 बजे के पूर्व सीधी पहुंचा दे क्योंकि सुबह 7:00 बजे से परीक्षा होती है।इसलिए उन्हें कई तरह की समस्याओं का सामना करना पड़ता है खासकर छात्राओं के लिए यह स्थिति काफी तकलीफदायक होती है।
ज्ञात हो कि शासकीय कला एवं वाणिज्य महाविद्यालय मझौली में एक दशक पूर्व तक जब छात्र संख्या महज 4 से 5 सौ से हुआ करती थी तब यहां परीक्षा केंद्र संचालित था लेकिन अब जब छात्र संख्या 1000 से ज्यादा पहुंच चुकी है ऐसे में परीक्षा केंद्र बंद कर देना ना उचित है और ना ही छात्र हित में है ऐसे में सवाल कई खड़े होते हैं कि जब कॉलेज के विद्यार्थी उनके अविभावक कई बार परीक्षा केंद्र संचालित करने को लेकर कॉलेज प्रबंधन, स्थानीय प्रशासन,जिला प्रशासन एवं निर्वाचित जनप्रतिनिधियों से लगातार मांग करते रहे हैं लेकिन आज तक परीक्षा केंद्र संचालित नहीं हुआ है जिससे कई सवाल खड़े होते हैं कि क्या यहां के जनप्रतिनिधि छात्र हितों के लिए गंभीर नहीं है अथवा उनके द्वारा पूरा प्रयास नहीं किया गया।अथवा कोई कानूनी अड़चन है?चाहे जो भी हो पहल करने पर हर समस्या का समाधान हो जाता है तो इसका भी हो जाना चाहिए लेकिन जब परीक्षा केंद्र संचालित नहीं होता है तो सवाल उठना स्वाभाविक है।
*इनका कहना*
*सचिन मिश्रा छात्र बी एस सी प्रथम वर्ष*
महाविद्यालय मे छात्रों से ज्यादा छात्राओं की संख्या है हम लोग तो किसी कदर मैनेज कर लेते हैं पर छात्राओं को काफी दिक्क़तों का सामना करना पड़ता है परीक्षा सेंटर मझौली मे होने से उन्हें इन परेशानियों से निजात मिलेगी
*प्रदीप दीक्षित पूर्व अध्यक्ष ब्लॉक कांग्रेस कमेटी मझौली*
मैं अपने प्रतिनिधिमंडल के साथ कई बार उपखंड अधिकारी मझौली को मौखिक एवं लिखित आवेदन दिया हूं। प्रभारी मंत्री के आगमन पर पलाश होटल परसिली में प्रतिनिधि मंडल के साथ मिलकर मझौली कॉलेज में परीक्षा केंद्र संचालित करने सहित अन्य तीन-चार बिंदुओं को लेकर आवेदन देकर मौखिक रूप से भी मांग किए हैं जिस पर प्रभारी मंत्री के द्वारा आश्वासन भी दिया गया है।यह सही बात है कि परीक्षार्थियों को काफी समस्याओं का सामना करना पड़ता है और एक दशक से परीक्षा केंद्र बंद कर दिया गया है जिसके लिए निर्वाचित जनप्रतिनिधियों को पहल करना चाहिए जिनकी प्रदेश एवं देश में सरकार है अगर परीक्षा केंद्र स्वीकृत नहीं हुआ तो सवाल उठेगा ही।
*प्रवीण तिवारी अध्यक्ष भाजपा मंडल मझौली*
परीक्षार्थियों का प्रातः 4:00 बजे बस में चढ़कर जाने का वीडियो जैसे ही सोशल मीडिया में वायरल हुआ है तो मेरे द्वारा उसे क्षेत्रीय विधायक के पास भेजा गया है जिनके द्वारा आश्वासन दिया गया है कि अगले सत्र की परीक्षा मझौली में ही होगी।यह सही बात है कि विद्यार्थियों को सीधी परीक्षा देने जाने में काफी समस्याओं का सामना करना पड़ता है।

