मोर पंख के मुकुट और पारंपरिक गीतों संग विकास का उत्सव,CM डॉ. मोहन यादव के आगमन से पहले थिरके जनप्रतिनिधि, सीधी को मिली 714 परियोजनाओं की सौगात
सीधी जिले के बहरी में शुक्रवार को सिर्फ विकास की घोषणाएं ही नहीं हुईं, बल्कि लोकसंस्कृति और जनभावनाओं का अनोखा संगम भी देखने को मिला।
CM डॉ. मोहन यादव के आगमन से पहले कार्यक्रम स्थल पर उत्सव जैसा माहौल बन गया, जब सीधी विधायक रीति पाठक, सांसद डॉ. राजेश मिश्रा, राज्य मंत्री राधा सिंह और जिले के प्रभारी मंत्री दिलीप जायसवाल पारंपरिक गीतों की धुन पर मोर पंख का मुकुट धारण कर नृत्य करते नजर आए। इस दृश्य ने वहां मौजूद लोगों का दिल जीत लिया और माहौल पूरी तरह से उत्साह और उल्लास से भर गया।
इसके बाद दोपहर करीब 3 बजे CM डॉ. मोहन यादव बहरी पहुंचे। उन्होंने कन्या पूजन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया और मंच से सीधी जिले को विकास की ऐतिहासिक सौगात दी।
मुख्यमंत्री ने एक साथ 714 परियोजनाओं का शिलान्यास एवं लोकार्पण कर जिले के सर्वांगीण विकास का रोडमैप प्रस्तुत किया। कार्यक्रम में धौहनी विधायक कुंवर सिंह टेकाम, सिहावल विधायक विश्वामित्र पाठक सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी और नागरिक मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में एक महत्वपूर्ण मानवीय पहल की घोषणा करते हुए कहा कि सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति को अस्पताल पहुंचाने वाले मददगार को राज्य सरकार की ओर से 25 हजार रुपये दिए जाएंगे। इस फैसले को सड़क सुरक्षा और मानवता के लिहाज से बड़ा कदम माना जा रहा है।
इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूती देने के लिए मुख्यमंत्री ने “प्रगति पथ” के तहत सीधी को भोपाल, सागर सहित अन्य क्षेत्रों से जोड़ने वाले फोरलेन निर्माण की घोषणा की। साथ ही बहरी में शासकीय महाविद्यालय खोलने, सिहावल शासकीय महाविद्यालय में साइंस और कॉमर्स फैकल्टी बढ़ाने, महान नदी और गोपद नदी पर पुल निर्माण की भी घोषणा की गई।
इसके अलावा 6 स्कूलों को हाई स्कूल में उन्नयन, चुरहट से सिहावल होते हुए एमिलिया तक 64 किलोमीटर लंबी सड़क के निर्माण (129 करोड़ रुपये की लागत) और स्वामी विवेकानंद जयंती से 31 मार्च तक पात्र हितग्राहियों को 106 योजनाओं का लाभ देने की घोषणा भी मुख्यमंत्री ने मंच से की।

