रामपुर नैकिन CMO पर गिरी गाज,आपदा प्रबंधन बैठक से गायब रहने पर नोटिस, संतोषजनक जवाब नहीं मिला तो होगी बड़ी कार्रवाई
एमपी के सीधी जिले के रामपुर नैकिन में आयोजित ब्लॉक स्तरीय आपदा प्रबंधन बैठक में लापरवाही बरतना नगरपालिका सीएमओ को भारी पड़ सकता है। चुरहट एसडीएम विकास कुमार आनंद ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि सूचना दिए जाने के बावजूद बैठक में अनुपस्थित रहने वाले रामपुर नैकिन सीएमओ को नोटिस जारी कर जवाब तलब किया जाएगा। यदि जवाब संतोषजनक नहीं पाया गया तो मामले को वरिष्ठ स्तर पर भेजकर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन के इस सख्त रुख से विभागीय अमले में हड़कंप मच गया है।
रामपुर नैकिन में आयोजित इस महत्वपूर्ण बैठक में आगामी वर्षाकाल और संभावित आपदा परिस्थितियों से निपटने की तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की गई। एसडीएम ने दोनों नगरपालिकाओं को निर्देश दिए कि जहां-जहां नालियों का निर्माण कार्य चल रहा है, उसे 15 जून से पहले हर हाल में पूरा कराया जाए तथा नालियों की साफ-सफाई भी समय रहते कर ली जाए ताकि बारिश के दौरान जलभराव की समस्या न हो।
इस बैठक में बाणसागर और गुलाबसागर डैम के गेट एक साथ खुलने की स्थिति में प्रभावित होने वाले गांवों की सूची भी तैयार कर ली गई। जल संसाधन विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि गेट खोलने की सूचना समय पर एसडीएम और तहसीलदार को अनिवार्य रूप से दें।
वही इसके अलावा जर्जर और खतरनाक मकानों को चिन्हित कर उन्हें डिस्मेंटल करने के निर्देश दिए गए। स्कूलों में भी जर्जर भवनों में कक्षाएं संचालित न करने के लिए कहा गया। सभी अधिकारी-कर्मचारियों को अपनी गाड़ियों में रस्सी, टॉर्च, जैकेट और फर्स्ट एड किट रखने के निर्देश दिए गए।
जहा वर्षाकाल में डेंगू, मलेरिया, टाइफाइड और सर्पदंश जैसी घटनाओं से निपटने के लिए CHC और PHC स्तर पर पर्याप्त दवाइयों एवं एंटी वेनम की उपलब्धता सुनिश्चित करने के आदेश भी बैठक में दिए गए। प्रशासन ने साफ कर दिया है कि आपदा प्रबंधन में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

