रेलवे चौपाल से सुलझेंगी समस्याएं, रीवा-सीधी-सिंगरौली रेल परियोजना में भू-अर्जन विवादों के त्वरित निराकरण की नई पहल
एमपी के सीधी जिले में रीवा-सीधी-सिंगरौली नई रेलवे लाइन परियोजना को लेकर जिला प्रशासन ने एक अभिनव पहल करते हुए “रेलवे चौपाल” आयोजित करने का निर्णय लिया है। इस पहल का उद्देश्य परियोजना से प्रभावित नागरिकों की भू-अर्जन संबंधी शिकायतों और समस्याओं का मौके पर ही त्वरित निराकरण करना है।
इस निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 1 मई को प्रातः 9 बजे से 11 बजे तक चुरहट, रामपुर नैकिन एवं सीधी रेलवे स्टेशन परिसर में रेलवे चौपाल का आयोजन किया जाएगा। इस दौरान प्रभावित क्षेत्र के नागरिक सीधे संबंधित अधिकारियों के समक्ष अपनी समस्याएं, शिकायतें और सुझाव रख सकेंगे। खास बात यह है कि चौपाल में राजस्व, रेलवे और भू-अर्जन से जुड़े विभागों के अधिकारी एक साथ मौजूद रहेंगे, जिससे मौके पर ही समाधान सुनिश्चित किया जा सके।
वही जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि 24 अप्रैल 2026 तक प्राप्त सभी भू-अर्जन संबंधी आवेदनों और शिकायतों के निराकरण के लिए विशेष प्रयास किए जाएंगे। इस पहल से न केवल लोगों को त्वरित राहत मिलेगी, बल्कि परियोजना कार्यों में भी तेजी आएगी।
इस मामले मे सीधी कलेक्टर विकास मिश्रा ने बताया कि यह पहल प्रशासन की पारदर्शिता और जनसुनवाई व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि प्रत्येक शिकायत का गंभीरता से निराकरण किया जाए और प्रभावितों को समय पर सही जानकारी उपलब्ध कराई जाए।
जहा रेलवे चौपाल के माध्यम से प्रशासन और आम जनता के बीच सीधा संवाद स्थापित होगा, जिससे विकास कार्यों में आ रही बाधाओं को दूर कर परियोजना को सुचारु रूप से आगे बढ़ाया जा सकेगा। यह पहल निश्चित रूप से प्रभावित नागरिकों के लिए राहतकारी साबित होगी।

