---Advertisement---

Republic day परेड 2026 : 17 राज्यों और 13 विभागों की झांकियां बिखेरेंगी छटा, दिल्ली और झारखंड को मौका नहीं

राजू गुप्ता ।। State Head @NewsE7Live

By राजू गुप्ता ।। State Head @NewsE7Live

Published on:

---Advertisement---

Republic day परेड 2026 : 17 राज्यों और 13 विभागों की झांकियां बिखेरेंगी छटा, दिल्ली और झारखंड को मौका नहीं

नई दिल्ली: इस साल कर्तव्य पथ पर Republic day परेड में 17 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों और 13 केंद्र सरकार के विभागों की कुल 30 झांकियां हिस्सा लेंगी. इन झांकियों की थीम ‘स्वतंत्रता का मंत्र वंदे मातरम् एवं समृद्धि का मंत्र-आत्मनिर्भर भारत’ रखी गई है. पिछली बार, गणतंत्र दिवस परेड के लिए दिल्ली की झांकी का चयन किया गया था, जिसका मुख्य विषय ‘गुणवत्तापूर्ण शिक्षा’ था.

झांकियों में भाग लेने वाले राज्य और विभाग

वंदे मातरम् के 150 वर्ष पूरे होने और आत्मनिर्भर भारत पर केंद्रित मुख्य विषय के साथ, राज्यों, केंद्र शासित प्रदेशों और मंत्रालयों की 30 झांकियां एकता, आत्मनिर्भरता और समावेशी राष्ट्रीय प्रगति को प्रदर्शित करेंगी.

Republic day की झांकी प्रस्तुत करने वाले राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में असम, छत्तीसगढ़, गुजरात, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, केरल, महाराष्ट्र, मणिपुर, नगालैंड, ओडिशा, पुडुचेरी, राजस्थान, तमिलनाडु, उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल, मध्य प्रदेश और पंजाब शामिल हैं.

वायु सेना मुख्यालय, नौसेना मुख्यालय, सैन्य मामलों के विभाग, संस्कृति मंत्रालय, स्कूल शिक्षा और साक्षरता विभाग, आयुष मंत्रालय, गृह मंत्रालय (NDMA और NDRF), गृह मंत्रालय (BPRD), आवास और शहरी मामलों के मंत्रालय (CPWD), सूचना और प्रसारण मंत्रालय, पंचायती राज मंत्रालय, विद्युत मंत्रालय और कौशल विकास एवं उद्यमिता मंत्रालय भी अपनी झांकियां प्रस्तुत करेंगे.

भाग न लेने वाले राज्य और केंद्र शासित प्रदेश

इस बार झांकियों में हिस्सा न लेने वाले प्रमुख राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में अरुणाचल प्रदेश, मिजोरम, त्रिपुरा, सिक्किम, मेघालय, झारखंड, गोवा, दिल्ली, कर्नाटक, तेलंगाना और आंध्र प्रदेश शामिल हैं.

पिछले कुछ समय में झांकियों के चयन को लेकर विवाद होता रहा है, जिसके बाद रक्षा मंत्रालय ने 2024 में राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के लिए एक ‘रोल-ओवर’ (बारी-बारी वाली) योजना का प्रस्ताव रखा था. 2024, 2025 और 2026 के लिए एक तीन साल के समझौते पर हस्ताक्षर किए गए थे, जिसके तहत हर राज्य और केंद्र शासित प्रदेश को इन तीन वर्षों के दौरान कम से कम एक बार अपनी झांकी प्रस्तुत करने का मौका मिलेगा. दिल्ली पिछले दो दशकों में सात बार अपनी झांकी पेश कर चुकी है, लेकिन इस बार उनकी झांकी का चयन नहीं हुआ.

चयन न होने के कारण

रक्षा मंत्रालय के तहत आने वाली स्क्रीनिंग कमेटी परेड के लिए प्रतिभागियों का चयन करने के लिए एक विस्तृत प्रक्रिया अपनाती है. इसके अलावा, पिछले दो वर्षों से एक रोटेशन नीति (बारी-बारी से मौका देने की नीति) भी लागू की गई है, जो यह सुनिश्चित करती है कि सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को समय के साथ भाग लेने का अवसर मिले.

विशेषज्ञ समिति में विभिन्न क्षेत्रों का प्रतिनिधित्व करने वाले कलाकार और पद्म पुरस्कार विजेता शामिल होते हैं. यही समिति झांकी के विषय (थीम), सौंदर्यबोध और मानकों पर निर्णय लेती है और विभिन्न राज्यों, केंद्र शासित प्रदेशों और सरकारी विभागों के प्रस्तावों की जांच करती है.

एक अधिकारी ने कहा, “कई राज्य स्क्रीनिंग कमेटी की चयन प्रक्रिया में सफल नहीं हो पाए क्योंकि कमेटी विषय, अवधारणा (कॉन्सेप्ट), डिजाइन और दृश्य तत्वों (विजुअल एलिमेंट्स) जैसे विभिन्न पहलुओं की बारीकी से जांच करती है.”

देश भर से आदिवासी मेहमान आमंत्रित

भारत सरकार की ओर से, गृह मंत्रालय द्वारा जारी एक आधिकारिक ज्ञापन के अनुसार, दिल्ली में आयोजित होने वाले ‘गणतंत्र दिवस समारोह 2026’ को देखने के लिए देश के विभिन्न हिस्सों से लगभग 400 आदिवासी मेहमानों को आमंत्रित किया गया है. ये प्रतिनिधि और झांकी कलाकार प्रधानमंत्री और जनजातीय मामलों के मंत्री से मुलाकात करेंगे.

लगभग 5,000 ऐसे लोग (अपने जीवनसाथी के साथ), जिन्होंने राष्ट्र निर्माण में असाधारण कार्य किया है, उन्हें विशेष अतिथि के रूप में कर्तव्य पथ पर ‘Republic day परेड-2026′ देखने के लिए आमंत्रित किया गया है.

प्रत्येक राज्य और केंद्र शासित प्रदेश से दिल्ली में रहने वाले कम से कम 50 जोड़ों को उनकी पारंपरिक वेशभूषा में गणतंत्र दिवस समारोह-2026 देखने के लिए आमंत्रित किया जा रहा है. साथ ही, विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को भी इस समारोह का गवाह बनने के लिए निमंत्रण दिया गया है.

गणतंत्र दिवस परेड और ‘बीटिंग द रिट्रीट’ के दर्शक दीर्घाओं का नामकरण

इस साल Republic day परेड और बीटिंग द रिट्रीट 2026 के लिए दर्शक दीर्घाओं का अनूठा नामकरण देश भर में बहने वाली नदियों के नाम पर किया जाएगा. इनमें ब्यास, ब्रह्मपुत्र, चंबल, चिनाब, गंडक, गंगा, घाघरा, गोदावरी, सिंधु, झेलम, कावेरी, कोसी, कृष्णा, महानदी, नर्मदा, पेन्नार, पेरियार, रावी, सोन, सतलुज, तीस्ता, वैगई और यमुना शामिल हैं.

इसी तरह, बीटिंग द रिट्रीट समारोह-2026 के लिए दर्शक दीर्घाओं का नाम भारतीय वाद्य यंत्रों के नाम पर होगा. जैसे- बांसुरी, डमरू, एकतारा, इसराज, मृदंगम, नगाड़ा, पखावज, संतूर, सारंगी, सारिंदा, सरोद, शहनाई, सितार, सुरबहार, तबला और वीणा.

राजू गुप्ता ।। State Head @NewsE7Live

राजू गुप्ता ।। State Head @NewsE7Live

राजू गुप्ता मध्य प्रदेश के सीधी जिले के एक सक्रिय और ज़मीनी पत्रकार हैं। वे लंबे समय से स्थानीय मुद्दों, जनसमस्याओं, प्रशासनिक गतिविधियों और सामाजिक सरोकारों पर तथ्यात्मक एवं निष्पक्ष रिपोर्टिंग करते आ रहे हैं।

---Advertisement---
Share & Earn