सड़क जाम हटाने पहुंचे थाना प्रभारी पर टांगी-हंसिए से हमला, पांच थानों की पुलिस ने संभाला मोर्चा; एसडीएम की मौजूदगी में खुला जाम, आरोपी गिरफ्तार
सीधी। जिले के कमर्जी थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पटपरा में सोमवार दोपहर शासकीय रास्ते के विवाद ने उस समय हिंसक रूप ले लिया, जब सड़क जाम हटाने पहुंचे थाना प्रभारी इंद्राज सिंह पर धारदार हथियारों से हमला कर दिया गया। हमले में थाना प्रभारी के सिर पर गंभीर चोट आई, जिसके बाद उन्हें तत्काल डायल-112 की सहायता से जिला अस्पताल सीधी में भर्ती कराया गया। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में तनाव का माहौल बन गया।
जानकारी के अनुसार ग्राम पटपरा में शासकीय मार्ग पर अतिक्रमण को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। आरोपियों का कहना था कि उन्होंने कई बार तहसील कार्यालय में आवेदन देकर रास्ता खुलवाने की मांग की थी, लेकिन कार्रवाई नहीं होने से नाराज होकर सोमवार दोपहर करीब 12 बजे सड़क पर जाम लगा दिया।
सड़क जाम की सूचना मिलते ही कमर्जी थाना प्रभारी इंद्राज सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने लोगों को समझाइश देकर जाम समाप्त कराने का प्रयास किया, लेकिन इसी दौरान कुछ लोगों ने अचानक टांगी और हंसिए से उन पर हमला कर दिया। हमले में थाना प्रभारी के सिर पर गंभीर चोट लगी। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने तत्काल उन्हें भीड़ से सुरक्षित बाहर निकालकर जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया। चुरहट एसडीएम विकास कुमार आनंद स्वयं मौके पर पहुंचे। उनके साथ पांच थानों का पुलिस बल भी गांव पहुंचा और स्थिति को नियंत्रित किया। प्रशासन की मौजूदगी में सड़क जाम तत्काल समाप्त कराया गया तथा माहौल को शांत कराया गया।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दिनेश पटेल उर्फ गुंठी, सुनील पटेल, विनय पटेल, प्रीतम पटेल और रितेश उर्फ सिंटू पटेल को हिरासत में लेकर पुलिस वाहन से थाने पहुंचाया। आरोप है कि सड़क जाम हटाने से रोकने के दौरान इन लोगों ने थाना प्रभारी पर धारदार हथियारों से हमला किया।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस अधीक्षक संतोष कोरी भी जिला अस्पताल पहुंचे और घायल थाना प्रभारी से मुलाकात कर स्वास्थ्य की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि पुलिस अधिकारी पर हमला किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है और आरोपियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
दिनदहाड़े थाना प्रभारी पर हुए इस हमले ने कानून-व्यवस्था को चुनौती देने की कोशिश करने वालों के मंसूबों को उजागर कर दिया। हालांकि प्रशासन की त्वरित कार्रवाई, पांच थानों की पुलिस की मौजूदगी और एसडीएम के नेतृत्व में स्थिति को जल्द ही नियंत्रण में ले लिया गया तथा आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।

