Sidhi news:जिला प्रशासन ने आमजन को राहत देने और प्रशासनिक व्यवस्था को मजबूत बनाने की दिशा में कई अहम कदम उठाए हैं। शासन के निर्देशानुसार अब 20 तहसीलदार एवं नायब तहसीलदार प्रतिदिन सुबह 10:30 बजे से शाम 6:00 बजे तक अनिवार्य रूप से न्यायालयीन कार्य करेंगे, जिससे लोगों को अनावश्यक भटकना न पड़े।
कानून व्यवस्था एवं गैर-न्यायालयीन कार्यों को सुचारु बनाए रखने के लिए थानावार नायब तहसीलदारों की जिम्मेदारी भी तय कर दी गई है। इसके तहत बेदवती सिंह को कोतवाली, अजाक, जमोड़ी एवं सेमरिया; परमसुख बंसल को मझौली, मड़वास, कुसमी एवं भुईमाड़; बाल्मीक प्रसाद साकेत को चुरहट, कमर्जी एवं रामपुर नैकिन तथा मुनेन्द्र प्रसाद तिवारी को अमिलिया एवं बहरी क्षेत्र की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
वहीं, स्वामित्व योजना के अंतर्गत जिले के 441 ग्रामों में कार्य पूर्ण कर 7,424 हितग्राहियों को उनके घरों का मालिकाना हक प्रदान किया गया है, जो प्रशासन की बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है।
इसके साथ ही CM हेल्पलाइन में भी सीधी जिले ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए मार्च 2026 में ‘A’ ग्रेड हासिल किया है। जिले को कुल 9158 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनका समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निराकरण किया गया। राज्य स्तर पर जिले ने 15वां स्थान प्राप्त किया तथा कुल वेटेड स्कोर 80.23 रहा।
जिले द्वारा लंबित शिकायतों को कम रखने और गुणवत्तापूर्ण समाधान देने की दिशा में किए गए प्रयासों को इस उपलब्धि का प्रमुख कारण माना जा रहा है।
इन पहलों से स्पष्ट है कि सीधी जिला प्रशासन आमजन की समस्याओं के समाधान और बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार सक्रिय और प्रतिबद्ध है।

