सीधी का पुराना बस स्टैंड नए बस स्टैंड में हुआ शिफ्ट, अब स्व. श्यामा प्रसाद मुखर्जी बस स्टैंड से संचालित होंगी बसें
सीधी। शहर की यातायात व्यवस्था को अधिक सुगम एवं व्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से जिला प्रशासन ने महत्वपूर्ण कदम उठाया है। जिला कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक सीधी के निर्देशानुसार बुधवार को यातायात थाना प्रभारी भूपेश कुमार वैश्य ने अपनी टीम के साथ कार्रवाई करते हुए पुराने बस स्टैंड से संचालित होने वाले यात्री वाहनों एवं बसों को नए बस स्टैंड स्वर्गीय श्यामा प्रसाद मुखर्जी बस स्टैंड, सीधी में शिफ्ट कराया।
इस कार्रवाई के बाद अब जिले की अधिकांश बसों का संचालन नए बस स्टैंड से किया जाएगा। इससे यात्रियों को बेहतर सुविधाएं, सुव्यवस्थित यातायात व्यवस्था तथा बसों के संचालन में आसानी मिलेगी। वहीं शहर के पुराने बस स्टैंड क्षेत्र में लगने वाले जाम की समस्या में भी काफी हद तक राहत मिलने की उम्मीद है।
यातायात थाना प्रभारी भूपेश कुमार वैश्य ने वाहन चालकों एवं बस संचालकों से अपील की कि वे प्रशासन के निर्देशों का पालन करते हुए केवल नए बस स्टैंड से ही बसों का संचालन करें तथा यात्रियों से भी नए बस स्टैंड का ही उपयोग करने का आग्रह किया।
जिला प्रशासन ने नागरिकों से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि नई व्यवस्था को सफल बनाने में सभी अपनी सहभागिता निभाएं, जिससे शहर की यातायात व्यवस्था और अधिक सुचारु एवं सुरक्षित बनी रहे।

