सीधी में राज्यपाल मंगुभाई पटेल का दो दिवसीय प्रवास, हितग्राहियों से संवाद, सिकलसेल कैम्प का निरीक्षण, प्रशासन अलर्ट
एमपी के राज्यपाल मंगुभाई पटेल का 25 से 26 फरवरी 2026 तक सीधी जिले में दो दिवसीय भ्रमण कार्यक्रम प्रस्तावित है। जिला सत्कार अधिकारी द्वारा जारी जानकारी के अनुसार राज्यपाल 25 फरवरी 2026 को शाम 5.15 बजे हेलीपैड परसिली, सीधी पहुंचेंगे। आगमन उपरांत वे परसिली रिसॉर्ट के लिए प्रस्थान करेंगे, जहां उनका समय आरक्षित रहेगा तथा रात्रि विश्राम भी वहीं निर्धारित है।
वही जारी कार्यक्रम के मुताबिक 26 फरवरी 2026 को प्रातः 10.30 बजे राज्यपाल ग्राम परसिली में आयोजित कार्यक्रम में भाग लेंगे। इस दौरान वे शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित हितग्राहियों से सीधे संवाद करेंगे और योजनाओं के प्रभाव एवं जमीनी क्रियान्वयन की जानकारी प्राप्त करेंगे। जहा कार्यक्रम उपरांत राज्यपाल ग्राम चमराडोल पहुंचकर प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राही ओम प्रकाश बैगा एवं उनके परिजनों से गृह भेंट करेंगे। इसके पश्चात दोपहर 1.00 बजे राज्यपाल परसिली हेलीपैड से डुमना एयरपोर्ट, जबलपुर के लिए प्रस्थान करेंगे।
वही राज्यपाल के प्रवास को दृष्टिगत रखते हुए प्रशासनिक अमला पूरी तरह सक्रिय हो गया है। मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत शैलेन्द्र सिंह सोलंकी ने सभी विभागीय अधिकारियों को आवश्यक व्यवस्थाएं समय-सीमा में सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने बताया कि प्रवास के दौरान राज्यपाल सिकलसेल एनीमिया हेल्थ चेकअप कैम्प का निरीक्षण भी करेंगे, जिससे स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता और पहुंच का आकलन किया जा सके।
वही सीईओ जिला पंचायत ने कार्यक्रम स्थल पर सुरक्षा, पेयजल, विद्युत, साफ-सफाई, स्वास्थ्य एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखने के स्पष्ट निर्देश दिए हैं। साथ ही अनुविभागीय अधिकारी मझौली को प्रोटोकॉल के अनुसार ड्यूटी आदेश जारी करने हेतु निर्देशित किया गया है। तैयारियों की समीक्षा के लिए आयोजित बैठक में अनुविभागीय अधिकारी गोपद बनास राकेश शुक्ला, मझौली आर.पी. त्रिपाठी सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे, जबकि अन्य अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े।

