सीधी पुलिस की बड़ी कार्रवाई, बोलेरो से पकड़ी गई 912 सीसी कोरेक्स, पहाड़ी रास्ते से आरोपी फरार
एमपी के सीधी जिले में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। जिले के कमर्जी थाना क्षेत्र अंतर्गत अमल्लकपुर इलाके में पुलिस ने घेराबंदी कर एक बोलेरो वाहन से भारी मात्रा में अवैध कोरेक्स सिरप बरामद किया है। कार्रवाई के दौरान आरोपी पुलिस को चकमा देकर मौके से फरार हो गए, जबकि पुलिस ने वाहन सहित करीब 912 सीसी कोरेक्स जप्त कर लिया है।
मिली जानकारी के अनुसार पुलिस को सूचना मिली थी कि रीवा की ओर से एक सफेद रंग की बोलेरो वाहन में अवैध मादक पदार्थ कोरेक्स लेकर सीधी की ओर सप्लाई की जा रही है। सूचना मिलते ही कमर्जी थाना पुलिस ने अमल्लकपुर क्षेत्र में घेराबंदी कर संदिग्ध वाहन को रोकने का प्रयास किया। पुलिस को देखकर बोलेरो चालक घबरा गया और वाहन को मुख्य सड़क छोड़कर पहाड़ी क्षेत्र की ओर ले गया।
बताया यह भी जा रहा है कि कुछ दूरी पर वाहन खड़ा कर चालक और उसमें सवार अन्य आरोपी अंधेरे और पहाड़ी रास्तों का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए। इसके बाद पुलिस ने वाहन की तलाशी ली, जिसमें बड़ी मात्रा में अवैध कोरेक्स सिरप बरामद हुआ। प्रारंभिक जांच में लगभग 912 सीसी कोरेक्स जब्त किए जाने की जानकारी सामने आई है।
इस घटना की सूचना मिलते ही चुरहट एसडीओपी मौके पर पहुंचे और पूरी कार्रवाई की निगरानी में जांच शुरू कराई गई। पुलिस अब फरार आरोपियों की तलाश में जुट गई है तथा बोलेरो वाहन के नंबर के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है।
वही पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है और अवैध मादक पदार्थों की तस्करी करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में हड़कंप की स्थिति बनी हुई है।

