सिहावल BMO पद पर फिर बदला फैसला,दो डॉक्टरों के इंकार के बाद डॉ. रिकेश शर्मा को सौंपी जिम्मेदारी
एमपी के सीधी जिले के स्वास्थ्य महकमे में सिहावल के मुख्य खंड चिकित्सा अधिकारी (BMO) पद को लेकर जारी असमंजस के बीच आखिरकार नया आदेश जारी कर दिया गया है। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) डॉ. बुविता खरे ने आदेश जारी करते हुए जिला चिकित्सालय सीधी में पदस्थ स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. रिकेश शर्मा को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सिहावल का मुख्य खंड चिकित्सा अधिकारी नियुक्त किया है। उन्हें यह अतिरिक्त प्रभार उनके वर्तमान पद के साथ आगामी आदेश तक सौंपा गया है।
इस जारी आदेश के अनुसार प्रशासनिक कार्य सुविधा को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया गया है। साथ ही आयुक्त, लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा भोपाल से कार्योत्तर अनुमोदन की प्रत्याशा भी व्यक्त की गई है। आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है।
दरअसल सीधी जिले के सिहावल BMO का पद पिछले कुछ समय से विवाद और असमंजस में बना हुआ था। इससे पहले इस पद के लिए डॉ. राम भूषण पटेल को जिम्मेदारी दी गई थी, लेकिन उन्होंने सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए यह पद ग्रहण नहीं किया। इसके बाद स्वास्थ्य विभाग ने डॉ. कपिल कुमार सिंह को यह जिम्मेदारी सौंपने का प्रयास किया, किंतु उन्होंने भी यह पद स्वीकार नहीं किया।
अब लगातार दो डॉक्टरों द्वारा जिम्मेदारी लेने से इनकार के बाद स्वास्थ्य विभाग को नया निर्णय लेना पड़ा। इसी क्रम में अब जिला चिकित्सालय सीधी में पदस्थ स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. रिकेश शर्मा को सिहावल BMO का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।
इस आदेश में यह भी स्पष्ट किया गया है कि पूर्व में जारी आदेश प्रभावहीन होने के बाद डॉ. कपिल कुमार सिंह अपनी मूल पदस्थापना प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र अमरपुर में पूर्ववत पदीय दायित्वों का निर्वहन करेंगे।
जहा अब स्वास्थ्य विभाग के इस नए आदेश के बाद सिहावल क्षेत्र में प्रशासनिक कामकाज को सुचारू रूप से संचालित करने की उम्मीद जताई जा रही है। हालांकि इससे पहले दो डॉक्टरों द्वारा पद लेने से इंकार किए जाने के कारण यह पद चर्चा का विषय बना हुआ था। अब देखना होगा कि नए BMO के रूप में डॉ. रिकेश शर्मा इस जिम्मेदारी को किस तरह संभालते हैं और क्षेत्र की स्वास्थ्य सेवाओं को किस दिशा में आगे बढ़ाते हैं।

