---Advertisement---

Singrauli news:बगदरा अभयारण्य में बढ़ रही कृष्ण मृगों की रौनक, वन विभाग की कैमरा ट्रैप में कैद हुआ 7 ब्लैकबक का खूबसूरत झुंड

Manoj Shukla

By Manoj Shukla

Published on:

---Advertisement---

Singrauli news: मध्य प्रदेश के सिंगरौली जिले में स्थित बगदरा वन्यजीव अभयारण्य एक बार फिर अपनी समृद्ध जैव-विविधता का प्रमाण देता नजर आया है। 17 नवंबर 2025 की सुबह लगभग 7:29 बजे बगदरा परिक्षेत्र की बरगवों बीट अंतर्गत कक्ष P-59 में वन विभाग की टीम ने कृष्ण मृगों (Blackbuck) के एक खूबसूरत समूह को कैमरे में कैद किया। करीब सात सदस्यीय इस झुंड में नादा और उप-वयस्क ब्लैकबक अधिक संख्या में नजर आए, जो कृषि/परती भूमि से झाड़ीदार इलाके की ओर शांत व्यवहार में बढ़ते दिखाई दिए।

478 वर्ग किलोमीटर क्षेत्र में फैला बगदरा अभयारण्य विंध्य पर्वत श्रृंखलाओं, बेलन और सोन नदियों की प्राकृतिक सीमाओं और घने वन क्षेत्र के कारण सदैव वन्यजीवों का सुरक्षित ठिकाना रहा है। उत्तर प्रदेश के कैमूर वन्यजीव अभ्यारण्य से इसकी भौगोलिक निकटता इसे और भी महत्वपूर्ण बनाती है। इस इलाके में लगातार ब्लैकबक की संख्या में वृद्धि वन विभाग की मेहनत और संरक्षण के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाती है।

Singrauli news:वन विभाग के अनुसार कृष्ण मृगों के लिए बगदरा एक “क्रिटिकल हैबिटेट” है, लेकिन इसकी सीमाएँ खेतों और आबादी वाले क्षेत्रों से सटी होने के कारण मानव-वन्यजीव संघर्ष की आशंका भी बनी रहती है। इसी वजह से विभाग ने क्षेत्र में नियमित पेट्रोलिंग, झाड़ीदार प्राकृतिक आवरण को सुरक्षित रखने और स्थानीय किसानों में जागरूकता बढ़ाने पर विशेष फोकस किया है। इसके लिए एक विशेष प्रबंधन योजना भी तैयार की गई है, जिसका उद्देश्य कृष्ण मृगों के सुरक्षित आवागमन और संरक्षित समूह वृद्धि को सुनिश्चित करना है।

कृष्ण मृगों की यह ताजा साइटिंग न केवल उनकी बढ़ती सक्रियता का संकेत है, बल्कि अभयारण्य के स्वस्थ पर्यावरण और बेहतर संरक्षण रणनीतियों की सफलता को भी दर्शाती है।

संजय टाइगर रिजर्व, सीधी के क्षेत्र संचालक अमित कुमार दुवे (मा.व.से.-2001) ने बताया कि टीम लगातार निगरानी कर रही है और आने वाले समय में बगदरा अभयारण्य को ब्लैकबक संरक्षण का मॉडल क्षेत्र विकसित किया जाएगा।

Manoj Shukla

Manoj Shukla

मै मनोज कुमार शुक्ला 9 सालों से लगातार पत्रकारिता मे सक्रिय हूं, समय पर और सटीक जानकारी उपलब्ध कराना ही मेरी पहली प्राथमिकता है।

---Advertisement---
Share & Earn