सोनवर्षा टोल प्लाजा मे खुलेआम घूम रहे आवारा मवेशी, हादसा होने का सता रहा खतरा
टोल प्रबंधन की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल, जिम्मेदारों से कार्रवाई की मांग
सीधी:- जिले के सोनवर्षा टोल प्लाजा से सामने आए एक वीडियो ने टोल क्षेत्र में यातायात सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। वीडियो में टोल प्लाजा के आसपास और वाहनों की आवाजाही वाले मार्ग पर आवारा मवेशी खुलेआम घूमते दिखाई दे रहे हैं। इस दौरान तेज रफ्तार वाहनों की आवाजाही भी जारी है। सड़क पर मवेशियों की मौजूदगी के कारण किसी भी समय गंभीर सड़क हादसा होने की आशंका बनी हुई है।
बताया जा रहा है कि टोल प्लाजा से प्रतिदिन बड़ी संख्या में छोटे-बड़े वाहनों का आवागमन होता है। ऐसे में सड़क पर अचानक मवेशियों के आ जाने से वाहन चालकों को अचानक ब्रेक लगाना पड़ सकता है, जिससे पीछे चल रहे वाहनों के आपस में टकराने का खतरा भी बना रहता है। खासकर रात के समय कम दृश्यता के कारण स्थिति और अधिक गंभीर हो सकती है।
सामने आए वीडियो में टोल प्लाजा के समीप मवेशियों की मौजूदगी साफ दिखाई दे रही है। स्थानीय लोगों और वाहन चालकों का कहना है कि टोल क्षेत्र में सुरक्षित यातायात व्यवस्था बनाए रखना बेहद जरूरी है। टोल प्लाजा के आसपास यदि आवारा मवेशियों की आवाजाही लगातार बनी रहती है तो यह वाहन चालकों के साथ-साथ मवेशियों के लिए भी जानलेवा साबित हो सकता है।
लोगों ने संबंधित विभाग और टोल प्रबंधन से मांग की है कि टोल प्लाजा क्षेत्र का निरीक्षण कर आवारा मवेशियों को हटाने तथा उनकी दोबारा सड़क पर पहुंचने की स्थिति को रोकने के लिए आवश्यक व्यवस्था की जाए। साथ ही रात के समय पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था और सड़क सुरक्षा के अन्य जरूरी इंतजाम सुनिश्चित किए जाएं, ताकि किसी संभावित दुर्घटना को समय रहते रोका जा सके।
अब वीडियो सामने आने के बाद यह सवाल भी उठ रहा है कि टोल प्लाजा क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था की जिम्मेदारी निभाने वाले जिम्मेदारों द्वारा नियमित निगरानी क्यों नहीं की जा रही है। यदि समय रहते व्यवस्था नहीं सुधारी गई तो भविष्य में किसी बड़ी दुर्घटना से इनकार नहीं किया जा सकता।

