स्थानांतरित हुए संदीपनि विद्यालय मझौली के प्राचार्य
प्रभारी प्राचार्य होंगे दिलीप कुमार
विद्यालय परिवार ने आयोजित किया विदाई समारोह
संजय सिंह मझौली
नगर क्षेत्र मझौली स्थित संदीपनी हायर सेकेंडरी स्कूल आफ एक्सीलेंस मझौली के प्राचार्य किशन लाल विश्वकर्मा का स्थानांतरण संदीपनी गर्ल्स हायर सेकेंडरी स्कूल सीधी के लिए हो गया है जिनके स्थानांतरित होने पर विद्यालय के प्रभारी प्राचार्य की जिम्मेदारी वरिष्ठ शिक्षक दिलीप कुमार गुप्ता को दी गई है।वहीं विद्यालय परिवार द्वारा 01 जुलाई बुधवार को विदाई समारोह आयोजित कर स्थानांतरित प्राचार्य को भावपूर्ण विदाई दी गई।
विदाई संबोधन में जहां स्टाफ के द्वारा उनके कार्यकाल की सराहना करते हुए उन्हें एक कुशल प्रबंधक एवं कार्य के प्रति लगन एवं ईमानदार छवि का व्यक्तित्व बताते हुए नवीन कार्य क्षेत्र में भी उत्कृष्ट कार्य करने की कामना करते हुए विदाई दी गई। वहीं प्राचार्य द्वारा भी सभी स्टाफ की सराहना करते हुए कहा गया कि इस विद्यालय के लिए जो कुछ भी किया गया है और जो उपलब्धि हासिल हुई है उसमें सभी स्टाफ का पूरा सहयोग रहा है एवं सभी के सहयोग से ही उनका कार्यकाल सफल रहा है।इस विद्यालय से मिला स्नेह एवं सहयोग उनके जीवन में अविस्मरणीय रहेगा। वहीं पूरे स्टाफ एवं विद्यालय में अध्यनरत छात्र-छात्राओं के उज्जवल भविष्य की कामना करते हुए सब के प्रति आभार प्रगट किया।
प्रभारी प्राचार्य के लिए क्या राह होगी आसान?
जन चर्चा के मुताबिक एक तरफ प्राचार्य का स्थानांतरण एवं दूसरी तरफ शिक्षक दिलीप कुमार गुप्ता को प्राचार्य का प्रभार सौंपा गया है लेकिन उनके लिए राह आसान होना नामुमकिन है क्योंकि विद्यालय स्टाफ में श्री गुप्ता एक कर्तव्यनिष्ठ एवं इमानदार छवि के रूप में जाने जाते हैं जो समय-समय पर विद्यालय के प्राचार्य को भी सुझाव देते रहें हैं यह अलग बात है कि उनके सुझाव को कितना तबज्जो मिलता था लेकिन कुछ शिक्षकों को उनका ऐसा करना नागबार गुजरता था।अब जब खुद प्राचार्य की जिम्मेदारी संभालेंगे तो पूर्वाग्रह से ग्रसित वही शिक्षक अलग ही रणनीति बना सकते हैं जिससे यही माना जा सकता है उनके लिए राह आसान नहीं होगी।अब देखना होगा कि चुनौती की इस घड़ी में श्री गुप्ता अपने कार्यकाल को किस तरह पूरा करते हैं।

