Ajab sidhi:एक ही दिन में 7 लाख की खरीदी, 80 किमी दूर से सामग्री और उसी तारीख को भुगतान! ग्राम अमरौला में पंचायत फंड की खुली लूट का आरोप
Ajab sidhi:सीधी जिले की ग्राम पंचायत अमरौला में पंचायत फंड के कथित दुरुपयोग का गंभीर मामला सामने आया है। आरोप है कि एक ही दिन में लगभग 7 लाख रुपये की सामग्री खरीदी गई, वह भी 80 किलोमीटर दूर स्थित दुकान से, और आश्चर्यजनक रूप से उसी दिन पंचायत की बैठक भी हुई और उसी दिन टेंडरधारक को पूरा भुगतान भी कर दिया गया। यह पूरा मामला अब गांव में चर्चा का विषय बन गया है और पंचायत व्यवस्था की पारदर्शिता पर सवाल खड़े कर रहा है।
मिली जानकारी के अनुसार दिनांक 19 दिसंबर 2025 को ग्राम पंचायत अमरौला में सामग्री क्रय दर्शाया गया है। इसी तारीख को पंचायत की बैठक आयोजित होना बताया गया और बिना किसी विलंब के उसी दिन संबंधित बिलों का भुगतान भी कर दिया गया। जिन बिल नंबरों 1053, 1056, 1058, 1059, 1061, 1062 और 1063 के माध्यम से भुगतान किया गया, वे सभी एक ही तिथि के हैं, जिससे पूरे लेन-देन की प्रक्रिया संदिग्ध नजर आ रही है।
Ajab sidhi:सबसे अहम बात यह है कि भुगतान दादूलाल यादव के नाम से किया गया है, जिनकी दुकान कुसमी से लगभग 80 किलोमीटर दूर, सिरसी (सीधी) में संचालित बताई जा रही है। सवाल यह उठता है कि इतनी दूर से सामग्री मंगवाकर एक ही दिन में उसकी आपूर्ति, सत्यापन, पंचायत बैठक और भुगतान की प्रक्रिया कैसे पूरी हो गई?
जब इस संबंध में ग्राम अमरौला की सचिव के नंबर पर संपर्क किया गया, तो फोन सचिव के पति हरिशंकर यादव ने उठाया। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि “सरपंच और ठेकेदार ने मिलकर काम किया है, भुगतान कैसे हुआ इसकी जानकारी मुझे नहीं है।” सचिव के बजाय उनके पति का जवाब देना भी प्रशासनिक मर्यादाओं पर प्रश्नचिह्न लगाता है।
ग्रामीणों का आरोप है कि ग्राम पंचायत अमरौला में लंबे समय से मनमाने ढंग से भुगतान किया जा रहा है और कागजों में विकास दिखाकर सरकारी राशि की बंदरबांट की जा रही है। अब ग्रामीणों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने इस पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच की मांग की है, ताकि सच सामने आ सके और दोषियों पर कार्रवाई हो।
