तेज रफ्तार हाईवा पलटा,अमिलिया बहरी सोन नदी पुल पर बड़ा हादसा,
एमपी के सीधी जिले के अमिलिया और बहरी के बीच स्थित सोन नदी पुल पर शुक्रवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा सामने आया, जब रेत से लदा एक हाईवा वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया। दुर्घटना सुबह लगभग 7:00 बजे हुई, जिससे क्षेत्र में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हादसे में वाहन चालक को चोटें आई हैं, जबकि अन्य किसी जनहानि की सूचना नहीं है।
वही प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हाईवा तेज गति से पुल पार कर रहा था। अचानक मोड़ पर सामने एक मोटरसाइकिल आ जाने से चालक ने वाहन को बचाने की कोशिश की। इसी दौरान तेज ब्रेक लगाए जाने पर हाईवा संतुलन खो बैठा और सड़क किनारे पलट गया। राहगीर प्रशांत चौबे ने तत्परता दिखाते हुए घटना की सूचना तत्काल थाना अमिलिया पुलिस को दी, जिसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची।
वही स्थानीय लोगों का कहना है कि पुल के उस हिस्से पर दृश्यता साफ थी और रास्ता भी खाली था, लेकिन वाहन की रफ्तार अधिक होने से चालक नियंत्रण नहीं रख सका। दुर्घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने घायल चालक की सहायता की और प्राथमिक उपचार की व्यवस्था कराई।
मामले पर जानकारी देते हुए ग्रामीणों ने बताया है की वाहन सड़क किनारे पलटा है, इसलिए यातायात बाधित नहीं हुआ और किसी प्रकार का जाम नहीं लगेगा। उन्होंने कहा कि दुर्घटना के वास्तविक कारणों की विस्तृत विवेचना की जा रही है।
पुलिस द्वारा वाहन की तकनीकी स्थिति, ब्रेकिंग सिस्टम और चालक की स्थिति की जांच की जा रही है। साथ ही, घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज एवं प्रत्यक्षदर्शियों के बयान भी दर्ज किए जा रहे हैं। प्रशासन ने वाहन चालकों से अपील की है कि पुल एवं मोड़ वाले क्षेत्रों में विशेष सावधानी बरतें और निर्धारित गति सीमा का पालन करें, ताकि इस प्रकार की दुर्घटनाओं से बचा जा सके।

