वैशाली में रामनवमी पर गंगा स्नान के दौरान हादसा, एक ही परिवार के 5 लोग डूबे
बिहार के वैशाली में रामनवमी के दिन हादसा हो गया. गंगा स्नान के दौरान एक ही परिवार के पांच लोग गंगा नदी में डूबने लगे. हादसा महनार अनुमंडल अंतर्गत देसरी थाना क्षेत्र के गनियारी घाट पर हुआ. हादसे को देखकर आसपास खड़े लोगों में कोहराम मच गया. चारों तरफ बचाओ-बचाओ की चीख पुकार मच गई.
एक ही परिवार के 5 लोग डूबे
गंगा नदी में स्नान के दौरान अचानक घर की एक महिला का पैर फिसले के कारण गहरे पानी में चला गया. महिला डूबने लगी. उसे बचाने के लिए परिवार के 4 और लोग गंगा नदी में कूद गए. लेकिन गंगा की तेज धारा और गहराई का अंदाजा नहीं लगा पाने के कारण सभी पांचों लोग डूबने लगे.
स्थानीय लोगों ने दो महिलाओं को बचाया
घाट पर मौजूद स्थानीय लोग तुरंत हरकत में आए. साहस दिखाते हुए लोगों ने बचाव कार्य शुरू किया. लोगों की मदद से दो महिलाओं को गंगा नदी की तेज धारा से निकाल लिया गया. लेकिन एक किशोरी की डूबकर मौत हो गई. जबकि एक महिला और एक बच्ची अभी भी लापता बताए जा रहे हैं.
एक किशोरी की मौत
मृतका की पहचान नयागांव बरियारपुर गांव निवासी रिट्ठु राय की 18 वर्षीय पुत्री सीमा कुमारी के रूप में हुई है. वहीं, घटना में स्व रिट्ठु राय की दूसरी बेटी सोनी कुमारी और उपेंद्र राय की बेटी आंचल अब भी लापता बताई जा रही हैं. जिनकी तलाश जारी है.
लापता लड़कियों की तलाश के लिए सर्च ऑपरेशन : घटना की सूचना मिलते ही देसरी थाना अध्यक्ष अभिषेक कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. एसडीआरएफ एवं स्थानीय गोताखोरों की मदद से गंगा नदी में सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है.
“एक लड़की की डूबने से मौत हो गई है. दो को बचा लिया गया है जबकि दो महिलाएं लापता हैं जिनकी तलाश के लिए SDRF सर्च ऑपरेशन चला रही है.”- अभिषेक कुमार, देसरी थानाध्यक्ष
पूरे इलाके में शोक
प्रशासन पूरे मामले की जांच में जुट गया है. लापता महिलाओं की तलाश तेज कर दी गई है. रामनवमी जैसे पावन पर्व के दिन हुए इस हादसे के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मच गया है, वहीं पूरे इलाके में शोक का माहौल है.

