युवक को दी गई ‘तालिबानी सजा’जैसी यातना,पास में मिला मृत हिरण मामला और रहस्यमय
मध्य प्रदेश – सिंगरौली जिले के बरगवां थाना क्षेत्र के आजादपुर गांव में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है।आजादपुर निवासी संदीप यादव पोखरा गांव के पास गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिला। उसकी हालत बेहद नाजुक है एक पैर और हाथ की एक उंगली कटी हुई थी, शरीर पर जलाने के भी निशान मिले।युवक लहूलुहान पड़ा था, जिसे तत्काल उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया।
लेकिन हालत नाजुक होने के चलते उसे बेहतर उपचार के लिए अन्य जगह रेफर कर दिया गया है घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। लेकिन मामला यहीं तक सीमित नहीं रहा। जिस स्थान पर युवक घायल मिला,उससे कुछ ही दूरी पर एक हिरण मृत अवस्था में पड़ा मिला।
इस रहस्यमयी संयोग ने पूरे मामले को और उलझा दिया है। क्या यह दोनों घटनाएं आपस में जुड़ी हैं, या फिर किसी बड़ी साजिश है वन विभाग की टीम, बरगवां रेंजर और डॉग स्क्वायड भी मौके पर पहुंच चुके हैं।पुलिस और वन अमला संयुक्त रूप से मामले की तह तक जाने की कोशिश कर रहे हैं।
घटना के बाद इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल है। लोग सवाल उठा रहे हैं कि आखिर जिले में हो क्या रहा है? क्या अपराधियों में कानून का भय समाप्त हो चुका है? वारदात के बाद आरोपी अब भी पुलिस की पकड़ से दूर बताए जा रहे हैं।
हालांकि पुलिस का कहना है कि आरोपियों की तलाश जारी है और जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा। लेकिन जिले में लगातार बढ़ रही आपराधिक घटनाएं कानून-व्यवस्था पर सवाल जरूर खड़े कर रही हैं।अब सबकी नजर पुलिस जांच पर टिकी है क्या इस सनसनीखेज मामले का सच सामने आ पाएगा या यह भी फाइलों में सिमट कर रह जाएगा?


