10 रुपए के लिए चलती ऑटो से कूदी महिला,सेमरिया में इंसानियत शर्मसार, किराए को लेकर ऑटो चालक पर गंभीर आरोप
रीवा जिले के सेमरिया क्षेत्र से इंसानियत को झकझोर देने वाली घटना सामने आई है, जहां महज 10 रुपए के विवाद ने एक महिला की जान जोखिम में डाल दी। मामला गुरुवार दोपहर करीब 1 बजे बाजार तिराहा क्षेत्र का बताया जा रहा है। आरोप है कि ऑटो चालक द्वारा किराए को लेकर दबाव बनाने पर महिला डर गई और उसने चलती ऑटो से छलांग लगा दी। हादसे में महिला घायल हो गई, जिसके बाद उसे उपचार के लिए सेमरिया अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के मुताबिक महिला बढ़ौरा से सेमरिया की ओर आ रही थी। ऑटो चालक ने उससे 20 रुपए किराया मांगा, लेकिन महिला के पास केवल 10 रुपए ही थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार महिला ने चालक से काफी अनुरोध किया, लेकिन चालक पूरे पैसे लेने की जिद पर अड़ा रहा। आरोप है कि चालक ने महिला से कहा कि “पूरे पैसे नहीं दोगी तो ऑटो से नहीं उतरने दूंगा, शाम तक बैठी रहना।”
ऑटो चालक की कथित धमकी और दबाव से महिला घबरा गई। इसी दौरान उसने चलती ऑटो से छलांग लगा दी। सड़क पर गिरने से महिला के पैर में मोच आ गई। घटना होते ही आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत महिला को संभाला और इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया।
ग्रामीण प्रभात वर्मा ने बताया कि ऑटो चालकों की मनमानी लगातार बढ़ती जा रही है और किराए को लेकर यात्रियों के साथ अभद्र व्यवहार किया जाता है। उन्होंने कहा कि चालक की जिद और व्यवहार की वजह से महिला को इतना बड़ा कदम उठाना पड़ा।
वहीं ऑटो चालक ने अपना नाम अमन शुक्ला बताया है। बताया जा रहा है कि वह बढ़ौरा से सेमरिया की तरफ आ रहा था।
मामले को लेकर थाना प्रभारी सेमरिया केदार परौहा ने बताया कि अभी तक किसी भी पक्ष द्वारा लिखित आवेदन नहीं दिया गया है। आवेदन मिलने के बाद मामले की जांच कर उचित कार्रवाई की जाएगी।

