कुसमी में 100 मीटर तिरंगे,हजारों झण्डे के साथ निकली भव्य तिरंगा यात्रा, भारत माता के जयकारों से गूंजा नगर
कुसमी। मध्यप्रदेश में चलाए जा रहे ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत बुधवार को कुसमी में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। धौहनी विधायक कुंवर सिंह टेकाम के नेतृत्व में निकली इस यात्रा में करीब 100 मीटर लंबे तिरंगे को लेकर बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं, जनप्रतिनिधि, अधिकारी, शिक्षक, भाजपा कार्यकर्ता एवं ग्रामीण शामिल हुए। यात्रा के दौरान लगभग 500 मीटर तक रैली निकाली गई।
तिरंगा यात्रा में जिला पंचायत सदस्य हीराबाई सिंह, भाजपा मंडल अध्यक्ष अखंड प्रताप सिंह, सरपंच भगवार चेतना सिहं सरपंच कोडार सीता सिंह भाजपा महामंत्री राजकुमार तिवारी एसडीएम सागर जैन, तहसीलदार नारायण सिंह, जनपद पंचायत सीईओ ज्ञानेंद्र मिश्रा,सीएमओ सुप्रिया सिंह ,थाना प्रभारी अरुणा द्विवेदी, भाजपा युवा नेता इंद्र प्रकाश गुप्ता, बीआरसीसी अंगिरा द्विवेदी, व्यापारी एकता संघ कुसमी के अध्यक्ष मनोज गुप्ता सहित मंडल के भाजपा नेता मौजूद रहे।
इसके अलावा उत्कृष्ट आदिवासी छात्रावास कुसमी क्रमांक 1 एवं 2, अंग्रेजी माध्यम छात्रावास, कन्या शिक्षा परिसर, उत्कृष्ट कन्या छात्रावास, हरिजन कन्या छात्रावास के छात्र-छात्राएं एवं अधीक्षक, सरस्वती शिशु मंदिर कुसमी के शिक्षक-छात्र तथा खंड स्तरीय विद्यालयों के शिक्षक-शिक्षिकाएं और विद्यार्थी बड़ी संख्या में यात्रा में शामिल हुए।
डीजे की धुन पर गूंजे देशभक्ति के नारे
तिरंगा यात्रा के दौरान डीजे की देशभक्ति धुनों के बीच छात्र-छात्राओं और लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला। पूरा कुसमी ‘भारत माता की जय’ और देशभक्ति के नारों से गूंज उठा। हाथों में तिरंगा लेकर चल रहे विद्यार्थियों और ग्रामीणों ने राष्ट्रभक्ति का संदेश दिया।
विधायक ने किया छात्र-छात्राओं को संबोधित
यात्रा के दौरान धौहनी विधायक कुंवर सिंह टेकाम ने छात्र-छात्राओं एवं उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए तिरंगे के सम्मान और देश के प्रति जिम्मेदारियों का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि तिरंगा केवल एक ध्वज नहीं, बल्कि देश की एकता, अखंडता, स्वतंत्रता और गौरव का प्रतीक है। उन्होंने सभी से हर घर तिरंगा अभियान से जुड़कर राष्ट्र के प्रति सम्मान और गौरव की भावना को मजबूत करने का आह्वान किया।
एसडीएम ने बताया तिरंगा यात्रा का महत्व
एसडीएम सागर जैन ने भी छात्र-छात्राओं एवं ग्रामीणों को तिरंगा यात्रा के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि ऐसी यात्राएं युवाओं और नई पीढ़ी में देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता और अपने राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करती हैं।
भव्य तिरंगा यात्रा के दौरान कुसमी में उत्साह और देशभक्ति का माहौल देखने को मिला। बड़ी संख्या में लोगों की सहभागिता ने कार्यक्रम को यादगार बना दिया और ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का काम किया।