104 करोड़ की सड़क पहली ही बारिश में बह गई! छह महीने में खुली निर्माण की पोल

104 करोड़ की सड़क पहली ही बारिश में बह गई! छह महीने में खुली निर्माण की पोल, भंवरसेन पहाड़ मार्ग भी बंद

सीधी जिले में पिछले दो दिनों से हो रही मूसलाधार बारिश ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित किया है। रामपुर नैकिन जनपद क्षेत्र में करीब 104 करोड़ रुपये की लागत से छह महीने पहले बनाई गई खैरा-डिठौरा सड़क तेज बारिश के पानी के बहाव में क्षतिग्रस्त होकर बह गई। सड़क के बड़े हिस्से के बह जाने से आवागमन प्रभावित हुआ है और निर्माण की गुणवत्ता को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं।

बताया जा रहा है कि सड़क पर बारिश के पानी की निकासी के लिए पर्याप्त नालियों की व्यवस्था नहीं की गई थी। इसके चलते पानी का तेज बहाव सड़क को अपने साथ बहा ले गया। स्थानीय लोगों का कहना है कि इतनी बड़ी लागत से बनी सड़क का इतनी जल्दी क्षतिग्रस्त होना गंभीर चिंता का विषय है।

भंवरसेन पहाड़ मार्ग पर भी आवागमन ठप

वहीं, खड्डी अंचल के दो दर्जन से अधिक गांवों को जोड़ने वाले भंवरसेन पहाड़ मार्ग पर पहाड़ से मिट्टी और बड़े-बड़े पत्थर गिरने के कारण रास्ता बंद हो गया है। मार्ग बंद होने का असर रीवा, सतना और रामपुर नैकिन के बीच चलने वाली दर्जनभर से अधिक रात्रिकालीन बस सेवाओं पर भी पड़ा है।

सड़क निर्माण के बाद रामपुर नैकिन तक पहुंचने का सफर करीब 30 किलोमीटर कम हो गया था। लेकिन सड़क क्षतिग्रस्त होने के बाद ग्रामीणों को दोबारा लंबा रास्ता तय करना पड़ रहा है, जिससे समय और परेशानी दोनों बढ़ गई हैं।

फसलों को भी नुकसान

लगातार बारिश का असर खेती पर भी पड़ा है। धान की नर्सरी और अरहर की फसलों को नुकसान पहुंचने की जानकारी सामने आई है। ग्रामीणों के सामने सड़क और आवागमन की समस्या के साथ फसलों को हुए नुकसान की भी चिंता बढ़ गई है।

प्रशासन ने शुरू कराया मरम्मत कार्य

रामपुर नैकिन तहसीलदार आशीष मिश्रा ने बताया कि सड़क क्षतिग्रस्त होने की जानकारी मिलते ही मौके पर जल निकासी की व्यवस्था कराई गई है। क्षतिग्रस्त हिस्से की मरम्मत और आवागमन बहाल करने का काम शुरू कर दिया गया है।

अब सवाल यह है कि छह महीने पहले बनी और करीब 104 करोड़ रुपये की लागत वाली सड़क इतनी जल्दी बारिश के पानी में कैसे बह गई? सड़क निर्माण में जल निकासी की व्यवस्था और गुणवत्ता की जांच को लेकर भी स्थानीय लोगों की नजर प्रशासन की अगली कार्रवाई पर है।

 

Leave a Comment