चुरहट के मधुगांव में हाथियों का तांडव, धान की फसल रौंदी; 12 से अधिक किसानों को नुकसान
बाड़ी और बाउंड्री भी तोड़ी, खेतों में तैयार हो रही धान की फसल को पैरों तले कुचला; वन विभाग ने शुरू किया नुकसान का सर्वे
सीधी। जिले के चुरहट थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम मधुगांव में शुक्रवार दोपहर करीब 2 बजे जंगली हाथियों के दल के पहुंचने से ग्रामीणों में दहशत का माहौल बन गया। हाथियों ने खेतों में जमकर उत्पात मचाते हुए धान की खड़ी फसल को पैरों तले कुचल दिया। हाथियों के गुजरने वाले रास्ते में आने वाले खेतों की फसल बुरी तरह नष्ट हो गई। इसके साथ ही कई किसानों की बाड़ी और बाउंड्री को भी हाथियों ने नुकसान पहुंचाया है।
ग्रामीणों के अनुसार हाथियों का दल अचानक खेतों की ओर पहुंचा और देखते ही देखते धान की फसल को रौंदना शुरू कर दिया। इस दौरान खेतों में धान की बालियां आने लगी थीं और किसान फसल से अच्छी पैदावार की उम्मीद लगाए हुए थे, लेकिन हाथियों के झुंड ने उनकी मेहनत पर पानी फेर दिया। ग्रामीणों का कहना है कि जिस रास्ते से हाथियों का दल गुजरता है, वहां फसल को भारी नुकसान पहुंच रहा है।
ग्रामीण सूर्यभान साकेत ने बताया कि उनके खेत के अलावा रामबहादुर प्रजापति समेत करीब 10 अन्य किसानों की धान की फसल भी हाथियों ने बर्बाद कर दी है। उन्होंने बताया कि फसल में बालियां लग रही थीं, इसी दौरान हाथियों के पहुंचने से पूरी फसल कुचल गई। खेतों के अलावा बाड़ी और बाउंड्री को भी नुकसान पहुंचा है।
हाथियों के गांव में पहुंचने की सूचना ग्रामीणों ने तत्काल वन विभाग की टीम को दी। इसके बाद वन विभाग के कर्मचारी क्षेत्र में निगरानी के लिए सक्रिय हो गए। डिप्टी रेंजर राजेंद्र यादव ने बताया कि विभाग की टीम लगातार हाथियों की निगरानी कर रही है। ग्रामीणों को सतर्क रहने की अपील की जा रही है और हाथियों को आबादी क्षेत्र से दूर पहाड़ी की ओर भेजने का प्रयास किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि हाथियों के कारण कुछ किसानों को नुकसान हुआ है, जिसका सर्वे कराया जा रहा है। सर्वे के बाद वास्तविक नुकसान का आकलन किया जाएगा। फिलहाल वन विभाग की टीम हाथियों की गतिविधियों पर नजर बनाए हुए है।