जहरीले कीडे के काटने से 14 वर्षीय किशोर की मौत, परिवार में पसरा मातम
कुसमी। कुसमी थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत कुसमी के छपरा टोला में जहरीले कीडे (सांप) के काटने से 14 वर्षीय किशोर की मौत हो गई। मृतक की पहचान सत्य बहादुर सिंह, पिता विजय बहादुर सिंह, उम्र 14 वर्ष के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार सत्य बहादुर सिंह शुक्रवार शाम करीब 5 बजे घर के पास बकरी चरा रहा था। इसी दौरान उसके पैर में किसी जहरीले कीड़े ने काटने की बात सामने आई। तबीयत बिगड़ने पर परिजन उसे तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कुसमी लेकर पहुंचे।
बताया जा रहा है कि उपचार के दौरान रात में चिकित्सकों ने किशोर को मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी मिलने के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है। घटना कुसमी थाना क्षेत्र की है। मामले में पुलिस द्वारा आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।