छात्राओं ने धौहनी विधायक से लगाई समस्या समाधान करने की गुहार
मझौली जनपद पंचायत अंतर्गत नरगी चौराहे से महखोर जाने वाला मार्ग इन दिनों बदहाली का शिकार है। बारिश के कारण सड़क पर जगह-जगह कीचड़ और जलभराव की स्थिति बनी हुई है, जिससे विद्यार्थियों सहित ग्रामीणों को आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
बताया जा रहा है कि इस मार्ग से करीब आधा सैकड़ा छात्र-छात्राएं एवं ग्रामीण प्रतिदिन आवागमन करते हैं। स्कूल जाने वाली कई छात्राएं कीचड़ से कपड़े और जूते-चप्पल खराब होने से बचाने के लिए अपनी सैंडल हाथ में लेकर कीचड़ भरे रास्ते से गुजरने को मजबूर हैं। बदहाल सड़क के कारण विद्यार्थियों को स्कूल पहुंचने में काफी दिक्कत हो रही है।
ग्रामीणों का कहना है कि सड़क की समस्या आज की नहीं, बल्कि कई वर्षों से बनी हुई है। ग्रामीणों द्वारा सड़क की स्थिति को लेकर कई बार संबंधित अधिकारियों और जिम्मेदारों से शिकायत की जा चुकी है, लेकिन अब तक समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो सका है।
बारिश के मौसम में स्थिति और भी गंभीर हो जाती है। कीचड़ के कारण दोपहिया वाहनों का निकलना मुश्किल हो जाता है, वहीं पैदल चलने वाले विद्यार्थियों और ग्रामीणों को भी काफी परेशानी उठानी पड़ रही है।
छात्राओं ने धौहनी विधायक का ध्यान आकर्षित कराते हुए मांग की है कि नरगी चौराहे से महखोर मार्ग की जल्द से जल्द मरम्मत कराकर सड़क को आवागमन योग्य बनाया जाए, ताकि विद्यार्थियों को स्कूल आने-जाने में परेशानी न हो और ग्रामीणों को भी राहत मिल सके।
ग्रामीणों ने जनप्रतिनिधियों एवं संबंधित विभाग से जल्द कार्रवाई की उम्मीद जताई है।