सिहावल में भव्य तिरंगा यात्रा, बड़ी संख्या में छात्रों ने बढ़ाई यात्रा की शोभा; मिष्ठान वितरण में सैकड़ों बच्चे रहे वंचित

सिहावल में भव्य तिरंगा यात्रा, बड़ी संख्या में छात्रों ने बढ़ाई यात्रा की शोभा; मिष्ठान वितरण में सैकड़ों बच्चे रहे वंचित

सिहावल में आज उत्कृष्ट विद्यालय से जनपद पंचायत मुख्यालय प्रांगण तक भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। हाथों में तिरंगा लेकर बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति के नारों के साथ उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। विभिन्न विद्यालयों से बड़ी मात्रा में छात्रों की संख्या बुलाए जाने के कारण तिरंगा यात्रा ने भव्य रूप ले लिया और बच्चों ने यात्रा की शोभा बढ़ाई।

तिरंगा यात्रा के दौरान पुलिस प्रशासन की ओर से सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। यात्रा जनपद पंचायत मुख्यालय प्रांगण में पहुंची, जहां इसका समापन हुआ। इसके बाद सभी ने राष्ट्रगान में हिस्सा लिया। राष्ट्रगान के पश्चात बच्चों के बीच मिष्ठान वितरण किया गया।

मिष्ठान वितरण में अव्यवस्था, सैकड़ों बच्चे रहे वंचित

तिरंगा यात्रा में बड़ी संख्या में छात्रों की मौजूदगी के बाद मिष्ठान वितरण के दौरान अव्यवस्था देखने को मिली। सैकड़ों बच्चों को मिष्ठान नहीं मिल सका। मिष्ठान से वंचित रहने के कारण कई बच्चों के चेहरे पर मायूसी साफ नजर आई और वे बिना मिष्ठान लिए अपने विद्यालय एवं घर की ओर रवाना हो गए।

मामले को लेकर जब जनपद पंचायत के अधिकारियों एवं बीआरसी मुन्नालाल साकेत से मौखिक रूप से जानकारी ली गई तो उनके द्वारा बताया गया कि मिष्ठान की व्यवस्था उनके कार्यालय की ओर से नहीं थी और उन्हें भी इसकी जानकारी नहीं थी।

जब छात्रों की संख्या बड़ी थी तो व्यवस्था कम क्यों पड़ी?

कार्यक्रम को भव्य बनाने के लिए विद्यालयों से पहले ही बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं को बुलाया गया था। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि जब कार्यक्रम में छात्रों की संख्या इतनी अधिक थी, तो सभी बच्चों के लिए मिष्ठान की पर्याप्त व्यवस्था क्यों नहीं की गई?

तिरंगा यात्रा ने जहां देशभक्ति और उत्साह का संदेश दिया, वहीं मिष्ठान वितरण के दौरान बड़ी संख्या में बच्चों के वंचित रहने से कार्यक्रम की व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े हो गए।

ये रहे मौजूद

तिरंगा यात्रा एवं कार्यक्रम में सिहावल विधायक विश्वामित्र पाठक, भाजपा जिला अध्यक्ष देव कुमार सिंह, अनिल पांडेय, जिला महामंत्री मणिराज विश्वकर्मा, दल बहादुर सिंह चंदेल, पुष्पेंद्र मिश्रा, कपूर चंद साहू, चंद्रशेखर शुक्ला, अवधेश चतुर्वेदी, फजल हामिद, राजकुमार केवट, सिहावल एसडीएम राकेश शुक्ला, तहसीलदार जयप्रकाश पांडेय, थाना प्रभारी अमिलिया राकेश बैस, चौकी प्रभारी सिहावल पुष्पेंद्र सिंह बघेल सहित अन्य भाजपा कार्यकर्ता, अधिकारी-कर्मचारी एवं शिक्षक मौजूद रहे।

रिपोर्ट: राजबहोर केवट, सीधी सिहावल न्यूज़ E7 लाइव

Leave a Comment