एचआईवी जागरूकता के लिए मानव श्रृंखला और रैली

एचआईवी संक्रमण के प्रति समाज में जागरूकता बढ़ाने और इससे जुड़े भेदभाव को समाप्त करने के उद्देश्य से बुधवार को सीधी में मानव श्रृंखला एवं जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अशोक कुमार खरे ने हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया।

 

मध्यप्रदेश एड्स नियंत्रण समिति के निर्देशन में जिले में 12 अगस्त से 12 अक्टूबर 2026 तक सघन एचआईवी जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। अभियान के दौरान आमजन को एचआईवी संक्रमण के कारणों, बचाव के उपायों, जांच एवं उपचार के संबंध में जानकारी दी जाएगी। साथ ही एचआईवी संक्रमित व्यक्तियों के प्रति सामाजिक भेदभाव दूर करने और उन्हें समाज की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।

 

जिला मुख्यालय में आयोजित मानव श्रृंखला एवं रैली में जिला एड्स नियंत्रण इकाई के नोडल अधिकारी सहित टीम के सदस्य, नर्सिंग महाविद्यालय सीधी के प्राचार्य, स्टाफ एवं छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। प्रतिभागियों ने एचआईवी से बचाव एवं जागरूकता संबंधी नारे लगाकर आमजन को जागरूक किया।

 

डॉ. अशोक कुमार खरे ने कहा कि एचआईवी सामाजिक कलंक नहीं है। समय पर जांच और उचित उपचार से एचआईवी को नियंत्रित किया जा सकता है। उन्होंने आमजन से अभियान में सहभागी बनकर जागरूकता का संदेश घर-घर तक पहुंचाने की अपील की।

 

इस अवसर पर स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

Leave a Comment