मड़वास में निकली भव्य तिरंगा यात्रा, देशप्रेम के संदेश से गूंजा नगर
मड़वास। स्वतंत्रता दिवस के पूर्व 13अगस्त को घर घर तिरंगा अभियान अंतर्गत मड़वास में हायर सेकेंडरी विद्यालय से थाना मड़वास तक भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। यात्रा में क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं, शिक्षकों, जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, समाजसेवियों एवं ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। हाथों में तिरंगा लेकर निकले विद्यार्थियों और नागरिकों ने देशभक्ति के नारों से माहौल को राष्ट्रभक्ति से सराबोर कर दिया।
तिरंगा यात्रा में धौहनी विधायक कुंवर सिंह टेकाम, एसडीएम मझौली संजीव पांडेण्य, तहसीलदार मड़वास वेदवती सिंह, नायब तहसीलदार उपेन्द्र द्विवेदी, थाना प्रभारी मड़वास अतर सिंह, ब्लॉक शिक्षा अधिकारी मझौली शैलेन्द्र सिंह, डॉ. उमेश श्रीवास्तव, समाजसेवी संजय सिंह, पूर्व सरपंच रामभजन जायसवाल, सरपंच मड़वास लक्ष्मी रामभजन जायसवाल, प्राचार्य मंजू सिंह सहित अनेक गणमान्य नागरिक शामिल हुए।
इस दौरान हायर सेकेंडरी स्कूल मड़वास, सरस्वती शिशु मंदिर मड़वास, लीला इंटरनेशनल सीनियर सेकेंडरी स्कूल मड़वास और माध्यमिक कन्या पाठशाला मड़वास के छात्र-छात्राओं एवं शिक्षक-शिक्षिकाओं ने यात्रा में भाग लिया।
तिरंगा यात्रा के समापन अवसर पर धौहनी विधायक कुंवर सिंह टेकाम ने सभा को संबोधित करते हुए तिरंगा यात्रा के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि तिरंगा हमारी आन, बान और शान का प्रतीक है तथा प्रत्येक नागरिक के मन में देश के प्रति प्रेम, सम्मान और जिम्मेदारी की भावना होना चाहिए। उन्होंने शासन की मंशा के अनुरूप राष्ट्रभक्ति और राष्ट्रीय एकता का संदेश जन-जन तक पहुंचाने की बात कही।
तहसीलदार मड़वास वेदवती सिंह ने विद्यार्थियों को देश, राष्ट्रीय ध्वज और राष्ट्र के प्रति नागरिकों के कर्तव्यों की जानकारी देते हुए कहा कि युवा पीढ़ी देश का भविष्य है। विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ-साथ देश के प्रति अपने दायित्वों को भी समझना चाहिए।
कार्यक्रम में पुनीत अर्पण, कमलेश्वर तिवारी, चन्द्रमणि पांडेय, शिवेंद्र सिंह अकौना, केके मिश्रा मंडल अध्यक्ष मड़वास, रोहणी रमण मिश्रा, सुजय सिंह, उपयंत्री इन्द्रलाल सिंह, सचिव विजय सिंह, लाल भैया शुक्ला, आशीष सिंह सिंकू, प्रिंस सिंह चौहान, वरुण पांडे, अखिलेश मिश्रा, मार्कण्डेय मिश्रा, शिवानंद मिश्रा, अनिक मिश्रा, अरविंद गुप्ता, शुभम मिश्रा एवं लवकेश सिंह सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
तिरंगा यात्रा में शामिल विद्यार्थियों और ग्रामीणों में खासा उत्साह देखने को मिला। पूरे मार्ग में भारत माता की जय और देशभक्ति के नारों से मड़वास का वातावरण राष्ट्रभक्ति से गूंजता रहा।