बाढ़ के बीच नदी में फंसी बस, यात्रियों ने उतरकर बचाई जान

बाढ़ के बीच नदी में फंसी बस, यात्रियों ने उतरकर बचाई जान

सीधी/कुसमी। जिले में लगातार हो रही बारिश के चलते नदी-नाले उफान पर हैं। कुसमी क्षेत्र के पौड़ी के पास स्थित चमरौही नदी में भी बारिश के बाद पानी का तेज बहाव देखने को मिला। इसी दौरान ददरी से कुसमी होते हुए सीधी की ओर जा रही एक सफेद रंग की बस को चालक द्वारा उफनती नदी के पुल से निकालने का प्रयास किया गया।

बताया जा रहा है कि सड़क की खराब स्थिति और नदी में तेज बहाव के कारण बस पुल पर ही फंस गई। बस के नदी के बीच फंसते ही यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। स्थिति को देखते हुए यात्रियों ने बस से उतरकर सुरक्षित स्थान की ओर पहुंचकर अपनी जान बचाई।

लगातार बारिश के कारण क्षेत्र की नदी-नालों में जलस्तर बढ़ा हुआ है। ऐसे में स्थानीय लोगों ने प्रशासन और वाहन चालकों से अपील की है कि उफनती नदी-नालों और पुलों पर पानी का बहाव होने के दौरान जोखिम लेकर आवागमन न करें, ताकि किसी बड़े हादसे को टाला जा सके।

Leave a Comment