महान नदी में चरवाहे के बहने की आशंका, क्षेत्र में पसरा सन्नाटा
कुसमी। कुसमी थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत गांजर के समीप महान नदी में एक चरवाहे के बह जाने की खबर से क्षेत्र में सन्नाटा पसरा हुआ है। बताया जा रहा है कि ग्राम लदगढ़ निवासी रामपाल बैगा पिता सुखलाल बैगा बावन डकारू जंगल के पास महान नदी के किनारे गाय चराने गए थे।
ग्रामीणों के अनुसार, इसी दौरान एक गाय को बचाने के प्रयास में रामपाल बैगा महान नदी के तेज बहाव की चपेट में आकर बह गए। घटना के बाद ग्रामीणों ने देर शाम से ही नदी के आसपास उनकी तलाश शुरू कर दी, लेकिन अभी तक उनका कोई पता नहीं चल पाया है।
इस संबंध में गांजर निवासी कमलभान बैगा ने फोन के माध्यम से मीडिया को जानकारी दी है। हालांकि, लगातार हो रही तेज बारिश के कारण नदी-नाले उफान पर हैं और कई रास्ते प्रभावित हैं। ऐसी स्थिति में परिजनों द्वारा अभी तक कुसमी थाना पहुंचकर घटना की औपचारिक सूचना दिए जाने की जानकारी नहीं है।
ग्रामीणों द्वारा अपने स्तर पर खोजबीन जारी है। घटना की आधिकारिक पुष्टि और प्रशासनिक स्तर पर खोज एवं बचाव अभियान की स्थिति पुलिस अथवा प्रशासन से जानकारी मिलने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।