सुरक्षा देने वालों की कलाई नहीं होनी चाहिए खाली, छात्राओं ने पुलिस कर्मियों को बांधी राखी

सुरक्षा देने वालों की कलाई नहीं होनी चाहिए खाली, छात्राओं ने पुलिस कर्मियों को बांधी राखी

अमित श्रीवास्तव 

सीधी जिले के कुसमी थाना परिसर में रक्षाबंधन के अवसर पर सरस्वती शिशु मंदिर कुसमी के छात्र-छात्राओं ने पुलिस कर्मियों की कलाई पर राखी बांधकर अनूठे तरीके से पर्व मनाया। इस दौरान थाना प्रभारी अरुणा द्विवेदी सहित थाना परिसर में मौजूद समस्त पुलिस स्टाफ को छात्राओं ने राखी बांधी और मिठाई खिलाकर उनकी लंबी उम्र एवं सुखद जीवन की कामना की।

सरस्वती शिशु मंदिर कुसमी के संस्था प्रमुख एवं प्रधानाचार्य मनमोहन उपाध्याय के नेतृत्व में विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं थाना परिसर पहुंचे। छात्राओं ने पुलिस कर्मियों को राखी बांधते हुए भाई-बहन के पवित्र रिश्ते का संदेश दिया।

कार्यक्रम के दौरान थाना प्रभारी अरुणा द्विवेदी ने बच्चों को पुलिस विभाग, थाना परिसर और पुलिस कर्मियों के विभिन्न पदों एवं कार्यों की विस्तृत जानकारी दी। साथ ही बच्चों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया गया। उन्होंने बच्चों से कहा कि जब भी उनके पिता या परिवार का कोई सदस्य बाइक से बाहर निकले तो हेलमेट अवश्य पहनें और यह संदेश अपने आसपास के लोगों तक भी पहुंचाएं।

थाना प्रभारी ने छात्र-छात्राओं को पुलिस सहायता, गुड टच-बैड टच सहित विभिन्न सुरक्षा संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां भी दीं। उन्होंने बच्चों को समझाया कि पुलिस के प्रति किसी प्रकार का भय नहीं होना चाहिए और जरूरत पड़ने पर पुलिस हमेशा उनकी सहायता के लिए तत्पर रहती है।

इसके बाद पुलिस कर्मियों द्वारा बच्चों को फल एवं मिठाई खिलाई गई। वहीं थाना प्रभारी अरुणा द्विवेदी ने पठन-पाठन सामग्री वितरित कर छात्र-छात्राओं का उत्साहवर्धन किया। इस दौरान बच्चों ने पुलिस कर्मियों के साथ सेल्फी और सामूहिक तस्वीरें भी लीं।

संस्था प्रमुख मनमोहन उपाध्याय ने बताया कि अक्सर रक्षाबंधन के दिन पुलिस कर्मियों की कलाई खाली दिखाई देती है, क्योंकि वे अपने परिवार और बहनों से दूर रहकर आमजन की सुरक्षा में तैनात रहते हैं। इसी भावना को ध्यान में रखते हुए संस्था ने निर्णय लिया कि छात्राएं पुलिस जवानों और देश की सुरक्षा में लगे जवानों की कलाई पर राखी बाधनी चहिये।

वहीं थाना प्रभारी अरुणा द्विवेदी ने कहा कि छात्र-छात्राओं का राखी बांधने के लिए थाना पहुंचना बेहद प्रेरणादायक और खुशी देने वाला क्षण रहा। उन्होंने कहा कि रक्षाबंधन केवल धागों का त्योहार नहीं, बल्कि सुरक्षा, विश्वास और जिम्मेदारी का पर्व है।

थाना प्रभारी ने क्षेत्रवासियों से अपील करते हुए कहा कि केवल अपनी बहनों की ही नहीं, बल्कि समाज की हर बेटी और बहन की सुरक्षा करना हम सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने लोगों से रक्षाबंधन सहित सभी त्योहारों को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने की अपील की।

Leave a Comment